राष्ट्रीय

कंपनियों में तेजी से बढ़ रहा AI एजेंट्स का इस्तेमाल, सुरक्षा और निगरानी में क्यों पिछड़ रहीं संस्थाएं?

सर्विसनाउ और सॉल्ट सिक्योरिटी की रिपोर्ट में AI एजेंट्स से जुड़े सुरक्षा जोखिम सामने आए हैं। जानिए कैसे अनधिकृत AI टूल्स कंपनियों के गोपनीय डेटा और साइबर सुरक्षा के लिए खतरा बन रहे हैं।
2 min read
• •
Updated: 20 Nov 2026, 4:00 AM IST
AI
AI Image-(ChatGpt)

AI Agent Security: कंपनियां जितनी तेजी से एआइ का इस्तेमाल बढ़ा रही हैं, उतनी तेजी से उन पर नजर रखने और उन्हें नियंत्रित करने की व्यवस्था नहीं बना पाई हैं। सर्विसनाउ की रिपोर्ट के अनुसार, पिछले एक वर्ष में 92% यानि 10 में से 9 भारतीय कंपनियों ने एआइ एजेंट से जुड़ी सुरक्षा घटनाओं का सामना किया, लेकिन केवल 36% ही 24 घंटों के भीतर उन्हें नियंत्रित कर सके। 37% भारतीय कंपनियों में ऐसे एआइ एजेंट चलते पाए गए जो सुरक्षा टीमों के पास पंजीकृत या ज्ञात नहीं थे और केवल 19% ने एआइ एजेंट सुरक्षा प्रशासन के लिए एक स्पष्ट जिम्मेदार नियुक्त किया।

गुप्त जानकारी तक पहुंच

करीब एक-तिहाई (32.5%) कंपनियों ने पाया कि उनके एआइ एजेंट्स ऐसी गोपनीय जानकारी तक पहुंच गए थे, जिसे देखने की उन्हें इजाजत नहीं थी। कई एजेंट्स ने अपनी मर्जी से सिस्टम की सेटिंग्स और अनुमतियों में भी बदलाव कर दिया था।

दुनिया में 50% कंपनियां खतरे में


एक अन्य सॉल्ट सिक्योरिटी के सर्वेक्षण के अनुसार, दुनिया की लगभग आधी कंपनियों (49.8%) ने पुष्टि या संदेह जताया है कि पिछले एक साल में उनके एआइ एजेंट्स ने ऐसे काम किए हैं जिनकी उन्हें अनुमति नहीं थी। जिन कंपनियों में यह समस्या देखी गई, उनमें से आधे से ज्यादा (53.9%) मामलों में एआइ एजेंट्स ने बाहरी सिस्टम या ऐप्स से संपर्क किया और लेनदेन किए। इसके अलावा 41.9% मामलों में एआइ ने कंपनी का जरूरी डेटा बदल दिया या डिलीट कर दिया।

निगरानी की भारी कमी

सर्वेक्षण में शामिल केवल 12.5% कंपनियां ही यह पूरी तरह देख पाती हैं कि उनका एआइ एजेंट शुरू से अंत तक क्या-क्या कदम उठा रहा है। ज्यादातर कंपनियों के पास यह ट्रैक करने का कोई आसान तरीका नहीं है कि एआइ ने पिछले दिन क्या काम किया।

गलती होने पर रोकने में असमर्थ


अगर कोई एआइ एजेंट गलत या अनचाहा काम करने लगे, तो केवल 17.5% कंपनियां ही उसे अपने आप तुरंत रोक सकती हैं। बाकी कंपनियों को इसे रोकने में काफी समय और मेहनत लगती है।

चोरी-छिपे इस्तेमाल हो रहे एआइ टूल्स

करीब 32.9% कंपनियों को अपने सिस्टम में ऐसे अनधिकृत या छिपे हुए एआइ सर्वर मिले, जिनकी जानकारी उनकी सुरक्षा टीम को भी नहीं थी।

एआइ को खुली छूट सुरक्षा के लिए खतरा


एआइ सिस्टम का नियंत्रण से बाहर होना खतरनाक हो सकता है। क्यांकि आजकल कंपनियां ग्राहक सेवा, कोडिंग और डेटा मैनेजमेंट जैसे कामों के लिए 'एआइ एजेंट्स' (जो खुद फैसले लेकर काम कर सकते हैं) का खूब इस्तेमाल कर रही हैं। इस सॉल्ट सिक्योरिटी रिपोर्ट ने चेतावनी दी है कि बिना सख्त सुरक्षा नियमों के एआइ को खुली छूट देना कंपनियों के डेटा और साइबर सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा बन सकता है।

Published on: