राष्ट्रीय

बड़ी घटना टली: एयर इंडिया विमान का इंजन फेल, पायलट की सूझबूझ से सुरक्षित लैंडिंग

मुंबई से बेंगलुरु जा रही एयर इंडिया फ्लाइट में टेक-ऑफ के बाद इंजन फेल, पायलट की सूझबूझ से इमरजेंसी लैंडिंग। सभी यात्री सुरक्षित, बड़ा हादसा टला।

less than 1 minute read
Apr 09, 2026
Air India

मुंबई से बेंगलुरु जा रही Air India की एक उड़ान में गुरुवार तड़के उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब उड़ान भरने के कुछ ही मिनट बाद विमान के एक इंजन में तकनीकी समस्या आ गई। पायलट ने तुरंत सतर्कता बरतते हुए ‘PAN PAN’ आपातकालीन संदेश जारी किया और विमान को सुरक्षित रूप से वापस मुंबई एयरपोर्ट पर उतार लिया।

जानें डिटेल्स

यह घटना फ्लाइट AI 2812 (A320 Neo) में हुई, जिसने निर्धारित समय सुबह 2:05 बजे की बजाय करीब 2:15 बजे उड़ान भरी थी। टेक-ऑफ के दौरान तेज आवाज और चिंगारियां दिखाई देने के बाद पायलट ने स्थिति को भांपते हुए तुरंत वापसी का फैसला लिया। विमान करीब 20 मिनट बाद, लगभग 2:35 बजे सुरक्षित मुंबई लौट आया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, उड़ान के दौरान विमान का दूसरा इंजन बंद हो गया था। हालांकि, पायलट की सूझबूझ और तत्परता से बड़ा हादसा टल गया। एयर इंडिया के प्रवक्ता ने बताया कि संभावित तकनीकी गड़बड़ी के चलते एहतियातन विमान को वापस लाया गया और अब इसकी विस्तृत जांच की जा रही है।

इतने यात्री थे सवार

एयरपोर्ट अधिकारियों के मुताबिक, इस दौरान लोकल स्टैंडबाय भी घोषित किया गया था। विमान में सवार सभी 47 यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं। यात्रियों को हुई असुविधा के लिए एयरलाइन ने खेद जताया है और उन्हें आगे की यात्रा के लिए वैकल्पिक विमान उपलब्ध कराया गया। नई फ्लाइट सुबह करीब 4:45 बजे रवाना हुई। एयर इंडिया ने दोहराया कि यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।

Updated on:
09 Apr 2026 10:54 pm
Published on:
09 Apr 2026 10:52 pm
Also Read
View All