राष्ट्रीय

एयर इंडिया की फ्लाइट को हाईजैक करने की धमकी! वॉशरूम में मिला नोट, यात्रियों को विमान से उतारा गया

Air India Flight: कोलकाता एयरपोर्ट पर एयर इंडिया की मुंबई जाने वाली फ्लाइट में हाईजैक की धमकी मिली। टॉयलेट के शीशे पर संदेश मिलने के बाद यात्रियों को उतारा गया और CISF ने जांच शुरू की।
2 min read
• •
Updated: 11 Nov 2026, 1:15 PM IST
Air India Flight Hijack
कोलकाता में एयर इंडिया की फ्लाइट को हाईजैक करने की धमकी

Air India Flight Hijack News: कोलकाता एयरपोर्ट पर बुधवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब मुंबई जाने वाली एयर इंडिया की फ्लाइट के वॉशरूम में विमान को हाईजैक करने की धमकी वाला नोट मिला। विमान के टॉयलेट के शीशे पर धमकी भरा संदेश लिखा मिला। नोट में सुबह 11:10 बजे विमान को हाईजैक करने की बात कही गई थी। इसके बाद पायलट ने एटीसी को सूचना दी और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई। विमान में सवार सभी यात्रियों को नीचे उतारकर फ्लाइट को आइसोलेशन बे में भेज दिया गया।

उड़ान से पहले मिला हाईजैक की धमकी वाला नोट

मुंबई जाने वाली एयर इंडिया की फ्लाइट को बुधवार सुबह 10:20 बजे कोलकाता से रवाना होना था। उड़ान से कुछ समय पहले विमान के वॉशरूम में हाईजैक की धमकी वाला नोट मिला। कोलकाता एयरपोर्ट के निदेशक विक्रम सिंह ने बताया कि नोट में सुबह 11:10 बजे विमान को हाईजैक करने की धमकी दी गई थी। विमान के शौचालय में लगे शीशे पर यह संदेश लिखा हुआ था। फ्लाइट उड़ान भरने की तैयारी कर रही थी, तभी इस पर किसी की नजर पड़ी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पायलट ने तुरंत एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को इसकी जानकारी दी।

यात्रियों को उतारकर आइसोलेशन बे में भेजा विमान

धमकी की सूचना मिलते ही एयरपोर्ट पर सुरक्षा व्यवस्था एक्टिव कर दी गई। विमान में पहले से सवार सभी यात्रियों को सुरक्षित नीचे उतारा गया। इसके बाद फ्लाइट को मुख्य एप्रन से हटाकर आइसोलेशन बे में ले जाया गया, ताकि उसकी गहराई से जांच की जा सके। एयरपोर्ट अधिकारियों ने तय सुरक्षा प्रक्रियाओं के तहत जरूरी कदम उठाए। विमान में किसी भी संदिग्ध सामान या वस्तु की मौजूदगी का पता लगाने के लिए जांच शुरू की गई। साथ ही सुरक्षा से जुड़े सभी जरूरी पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।

धमकी भरा संदेश किसने लिखा, पुलिस कर रही जांच

इस पूरे मामले में अब पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि विमान के वॉशरूम के शीशे पर धमकी भरा संदेश किसने लिखा था। इसके पीछे किसी की शरारत थी या कोई गंभीर साजिश, इसकी जांच की जा रही है। जांच के लिए विमान में सवार यात्रियों की सूची खंगाली जा रही है। इसके अलावा एयरपोर्ट परिसर और विमान के भीतर लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी देखी जा रही है।

Updated on:
11 Nov 2026, 1:15 PM IST
Published on: