Lok Sabha Election 2024 Ajay Mishra Teni Profile BJP Lakhimpur Kheri Seat Details: उत्तर प्रदेश की खीरी लोकसभा सीट की गिनती यहां की हाई प्रोफाइल सीटों में होती है क्योंकि इस सीट से गृह राज्यमंत्री अजय मिश्रा टेनी बीजेपी के उम्मीदवार हैं। आइये अजय मिश्रा और इस सीट के बारे में जानते हैं...
Lok Sabha Election 2024 Ajay Mishra Teni Profile BJP Lakhimpur Kheri Seat Details: सबसे ज्यादा लोकसभा सीटों वाले राज्य उत्तर प्रदेश के सबसे बड़े जिले लखीमपुर खीरी के तहत लोकसभा की 2 सीटें आती हैं। एक खीरी और दूसरा धौरहरा। खीरी सीट से केंद्रीय मंत्री अजय मिश्रा टेनी पिछले दो बार से सांसद हैं, और पार्टी ने उन्हें फिर इस सीट से उम्मीदवार बनाया है। अजय टेनी का इस क्षेत्र में काफी रसूख है, लेकिन किसान आंदोलन के दौरान किसानों पर टेनी के बेटे आशीष मिश्रा द्वारा गाड़ी चढ़ाए जाने वाले आरोपों ने टेनी की छवि पर एक बड़ा दाग लगा दिया है। ऐसे में इस बार का लोकसभा चुनाव उनके लिए आसान नहीं रहने वाला है।
2014 और 2019 में आसानी से जीत हासिल करने वाले अजय मिश्रा टेनी के सामने सपा ने खीरी सीट से पूर्व विधायक उत्कर्ष वर्मा को उतारा है जो कुर्मी बिरादरी से आते हैं। इस चुनाव में उत्तर प्रदेश में कांग्रेस और सपा के बीच गठबंधन है। वहीं, बीएसपी ने इस सीट से अंशय कालरा को प्रत्याशी बनाया है। ऐसे में अजय टेनी को खीरी लोकसभा सीट पर जोरदार टक्कर मिल सकता है
पिछले लोकसभा चुनाव में बीजेपी ने उत्तर प्रदेश में बेहतरीन प्रदर्शन किया था। सपा-बसपा गठबंधन के बाद भी बीजेपी ने इस राज्य में एकतरफा जन समर्थन हासिल किया था। बात खीरी सीट की करें तो बीजेपी नेता अजय मिश्रा टेनी ने एकतरफा मुकाबले में सपा प्रत्याशी डॉ पूर्वा वर्मा को हरा कर जीत दर्ज की थी। अजय टेनी को 53% वोट मिला था। वहीं, तीसरे नंबर पर कांग्रेस उम्मीदवार जफर अली नकवी रहे थे।
बीजेपी ने जिस सीट से अजय मिश्रा टेनी को उम्मीदवार बनय है उस सीट के जातिगत समीकरण की बात करें तो इस सीट के अंतर्गत आने वाले क्षेत्र में सबसे ज्यादा आबादी मुस्लिम की है। यहां मुस्लिम आबादी 3.25 लाख है। इस क्षेत्र में 4.25 लाख दलित, और 4.75 लाख ओबीसी हैं।
खीरी लोकसभा सीट के अंतर्गत पांच विधानसभा सीट आती है। इन पांचों (पलिया, लखीमपुर, निघासन, गोला गोकर्णनाथ और श्रीनगर (एसी)) सीटों पर बीजेपी काबिज है। इस सीट पर ब्राह्मण, दलित और कुर्मी वोटर राजनीति की दिशा तय करने में मुख्य भूमिका निभाते हैं। इस समय यहां के ब्लॉक, जिला पंचायत से लेकर जिले की हर अहम कुर्सी पर सत्तारूढ़ बीजेपी का कब्जा है। रामलहर और मोदी का गारंटी के भरोसे अजय मिश्रा टेनी लगातार तीसरी बार लोकतंत्र के मंदिर में जाने का दावा कर रहे हैं।
अजय मिश्रा टेनी का जन्म 25 सितम्बर 1960 को लखीमपुर खीरी के निघासन में बनबीरपुर में हुआ। अजय मिश्रा ने ग्रेजुएशन तक की पढ़ाई की है और व्यवसाय कृषिविद उद्योगपति हैं। उनके पिता का नाम अंबिका प्रसाद मिश्रा और माता का नाम प्रेमदुलारी मिश्रा है। उनकी पत्नी का नाम पुष्पा मिश्रा है। उनके दो पुत्र और एक पुत्री हैं।
अजय मिश्रा ने 2012 के विधानसभा चुनाव में जीत हासिल की और विधानसभा में प्रवेश किया। इसके बाद, 2014 में 16वीं लोकसभा के लिए खीरी से बीजेपी के उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ा। उन्होंने 1.10 लाख मतों से कांग्रेस पार्टी के उम्मीदवार अरविंद गिरि को हराया।
फिर, 2019 के लोकसभा चुनाव में खीरी सीट से भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी के रूप में अजय मिश्रा ने 5,84,285 वोट प्राप्त करके 2,16,769 मतों के अंतर से जीत हासिल की। उनकी प्रतिस्पर्धियों में सपा प्रत्याशी डॉ. पूर्वी वर्मा ने 3,67,516 मत प्राप्त किए और दूसरे नंबर पर रहीं, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी जफर अली नकवी ने 88,588 मत प्राप्त किए।
नामांकन के वक्त अजय मिश्रा टेनी ने जो अपने संपत्ति का ब्यौरा दिया था उसके मुताबिक उनके पास 2.78 करोड़ रुपये की चल-अचल संपत्ति है। उनकी पत्नी के पास भी 1.87 करोड़ की चल-अचल की संपत्ति है। हलफनामें के मुताबिक टेनी के पास 3,01,200 रुपये कैश है, जबकि उनकी पत्नी के पास 82,758 रुपये कैश है। बीजेपी उम्मीदवार के पास 400 ग्राम सोना है जिसकी कीमत 1,76,0000 है। उनकी पत्नी पुष्पा के पास 480 ग्राम सोना और 700 ग्राम चांदी है, जिसकी कुल कीमत 1468000 है।