
केंद्रीय गृह मंत्री अमित (Amit Shah) शाह दो दिवसीय पुणे दौरे पर हैं। आज उन्होंने पुणे में एक रैली को संबोधित किया और इस दौरान कांग्रेस (Congress) सांसद और लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी (Rahul Gandhi) पर जमकर निशाना साधा।
शाह ने कहा, "मैं राहुल गांधी को एक सलाह देना चाहता हूं। इस तरह अंतर्राष्ट्रीय मंच पर भारत को बदनाम करके आपको सत्ता नहीं मिलेगी। अगर आप सत्ता चाहते हैं, तो अपने विदेशी दौरे बंद करें और भारत के गांवों में जाना शुरू करें। तब शायद कभी आपका भी नंबर आ जाए। अभी आप जो कर रहे हैं, वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) को बदनाम करने की कोशिश है, जिनके नेतृत्व की पूरी दुनिया तारीफ कर रही है और जो भारत की विकास यात्रा को दुनिया के सामने रख रहे हैं। आप तो शायद मेरी बात नहीं मानेंगे, इसलिए मैं कांग्रेस कार्यकर्ताओं से कहना चाहता हूं कि अगर आप इसी रास्ते पर उनके पीछे चलते रहे, तो अगले 30 सालों तक आपका नंबर नहीं आने वाला।"
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए शाह ने कहा, "कांग्रेस पार्टी लगातार तीन बार चुनाव हारने की अपनी हताशा को अलग-अलग तरीकों से निकाल रही है। पिछले दो दिनों में ही कांग्रेस पार्टी ने हैदराबाद में 'भारत समिट 2026' का आयोजन किया। उन्होंने देश-विदेश से वामपंथी विचारधारा के समर्थकों को भारत बुलाया और कांग्रेस के 'युवराज' भी वहाँ पहुंचे। इसका नाम तो 'भारत समिट' रखा गया, लेकिन राहुल गांधी ने एक अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन में भारत-विरोधी विचार रखकर पूरी दुनिया में भारत को बदनाम करने का काम किया। आज इस मंच से मैं महाराष्ट्र की जनता से और पूरे देश की जनता से कहना चाहता हूं कि जहाँ भी आपको कांग्रेस के लोग मिलें, उनसे पूछिए कि चुनाव लड़ना, हारना और जीतना, यह सब तो पार्टी के नेताओं के कामकाज पर निर्भर करता है। आपको 10 साल का मौका मिला था और आपने 12 लाख करोड़ रूपए के घोटाले और भ्रष्टाचार किए। देश की जनता ने कांग्रेस को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखा दिया और नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री बना दिया। इन 12 सालों में नरेंद्र मोदी पर भ्रष्टाचार का एक भी आरोप नहीं लगा है।"