राष्ट्रीय

क्या अमृतपाल की एंट्री से बिगड़ सकता है सियासी गणित? सिर्फ 3 घंटे का दौरा, पर पंजाब में हुई जमकर चर्चा

सांसद अमृतपाल सिंह के 3 घंटे के दौरे ने पंजाब की सियासत में हलचल मचा दी। क्या पंथक वोट बैंक में सेंध से बढ़ी सुखबीर बादल की चिंता? पूरी खबर पढ़ें।
3 min read
• •
Updated: 22 Nov 2026, 1:03 PM IST
Election Commission of India
‘वारिस पंजाब दे’ के प्रमुख अमृतपाल सिंह (Photo-IANS)

पंजाब के खडूर साहिब से सांसद अमृतपाल सिंह बीते दिनों अपने पैतृक गांव जल्लूपुर खेड़ा पहुंचे थे। पंजाब की अजनाला की अदालत ने अमृतपाल को दादी के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए तीन घंटे की हिरासत में जमानत दी थी। उनके बेहद संक्षिप्त दौरे के बावजूद पंजाब के सियासी गलियारों में इसकी खूब चर्चा हुई। अमृतपाल के पैतृक गांव पहुंचने पर लोगों के हुजूम उमड़ने पर भी कई टिप्पणियां की गई।

पंजाब में सियासी जमात चुनावी तैयारी में जुटी

पंजाब विधानसभा चुनाव मुहाने पर है। सियासी जमात के लोग कमर कस चुके हैं। दिल्ली हारने के बाद पंजाब इकलौता राज्य हैं, जहां AAP की सरकार है। अरविंद केजरीवाल बीते कई महीनों से डेरा डाले हुए हैं। आप के दिग्गजों का जुटान भी है। कांग्रेस भी पूरी तैयारी कर रही है। पूर्व भारतीय हॉकी कप्तान (पुरुष) परगट सिंह PCC चीफ हैं। अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग और पूर्व सीएम चन्नी के बीच गहरे मतभेद के बाद कांग्रेस हाईकमान ने राज्य की कप्तानी परगट सिंह को सौंपी है।

अकाली दल के सामने वारिस दे पंजाब की सबसे बड़ी चुनौती

2007 से 2017 तक पंजाब में सत्ता में रही अकाली दल (शिरोमणि) भी पैर जमाने की कोशिश कर रही है। दिल्ली से लेकर चंडीगढ़ तक चर्चा है कि पंजाब में एकबार फिर से NDA का जुटान होगा। पीएम मोदी के दौरे से पहले अकाली दल और भाजपा के बीच गठजोड़ की संभावना है, लेकिन इन सबके बीच अकाली दल की सबसे बड़ी चिंता अमृतपाल सिंह है। लगातार चुनावी हार के बाद सुखबीर सिंह बादल के नेतृत्व में पार्टी अपने पारंपरिक पंथिक आधार को फिर से मजबूत करने की कोशिश कर रही है।

वहीं, सिख पहचान, नशाखोरी, सिखों के साथ कथित अन्याय और पंजाब की अनदेखी जैसे मुद्दों पर अमृतपाल की राजनीतिक बातों ने सिख युवाओं और उन मतदाताओं के बीच जगह बनाई है, जो स्थापित राजनीतिक दलों से असंतुष्ट हैं। अकाली दल को इस बात का डर है कि अमृतपाल के नेतृत्व में अकाली दल (वारिस दे पंजाब) उनका संगठन उन मतदाताओं को अपनी ओर खींच सकता है जो पारंपरिक रूप से अकालियों का समर्थन करते रहे हैं, खासकर उन निर्वाचन क्षेत्रों में जहां पंथिक मुद्दों का चुनावी नतीजों पर काफी असर पड़ता है। कुछ ही निर्वाचन क्षेत्रों में वोटों का बंटवारा भी 2027 के कड़े मुकाबले वाली सीटों के नतीजों को प्रभावित कर सकता है।

हालांकि, अकाली दल के पास अभी भी एक मजबूत संगठनात्मक ढांचा, अनुभवी नेतृत्व और पूरे पंजाब में राजनीतिक मौजूदगी है। वहीं, 'वारिस पंजाब दे' को माझा, दोआबा और मालवा क्षेत्रों में अपनी पैठ बनानी होगी और यह साबित करना होगा कि उसका प्रभाव केवल अमृतपाल के अपने निर्वाचन क्षेत्र तक ही सीमित नहीं है। इस संगठन के सामने चुनाव आयोग में पंजीकरण, कोई तय चुनाव चिह्न न होना और संगठनात्मक नियुक्तियों को लेकर आंतरिक मतभेद जैसी चुनौतियां भी हैं।

विवादों के चलते अमृतपाल का बढ़ा राजनीतिक ग्राफ

अमृतपाल सिंह साल 2022 में भारत लौटा। वह पहले दुबई में अपने पारिवारिक कारोबार से जुड़ा हुआ था। उसी साल फरवरी में वारिस पंजाब दे के संस्थापक दीप सिद्धू की मौत के बाद उसने संगठन की कमान संभाल ली थी। इसके बाद वह लगातार अलगाववादी प्रदर्शनों की वजह से विवादित चेहरा बनकर उभरा।

राज्य में अमृतलाप सिंह का प्रभुत्व बढ़ने के साथ ही राज्य सरकार के साथ उसका टकराव भी बढ़ता गया। साल 2023 में उसने अपने समर्थकों के साथ अजनाला पुलिस थाने पर धावा बोल दिया था। वह अपने साथी लवप्रीत सिंह उर्फ तूफान की रिहाई की मांग कर रहा था। इसके बाद उसका पंजाब पुलिस के साथ टकराव हुआ। तूफान को अपहरण और मारपीट के एक मामले में गिरफ्तार किया गया था। इस मामले में अमृतपाल भी आरोपी था। करीब एक महीने तक तलाश अभियान चलने के बाद अप्रैल 2023 में उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

अमृतपाल पर NSA के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने हिरासत में लेकर उसे व उसके कई साथियों को डिब्रूगढ़ भेज दिया। तीन साल तक एनएसए के तहत हिरासत में रखा गया, फिर हिरासत खत्म होने के बाद भी वह अजनाला मामले में गिरफ्तारी के कारण डिब्रूगढ़ में ही जेल में रहा। अमृतपाल पर कई अन्य मामलों जांच जारी है।

हालांकि, जेल में रहने के बावजूद वह चुनावी राजनीति में शामिल हुआ। 2024 के लोकसभा चुनाव में अमृतपाल ने खडूर साहिब सीट से निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ा और जीता।

संगठन से राजनीतिक पार्टी बनने की कोशिश

दीप सिद्धू ने वारिस पंजाब दे की शुरुआत एक सामाजिक-राजनीतिक संगठन के तौर पर की थी, लेकिन अमृतपाल के कमान संभालने के बाद संगठन का राजनीतिक रूप बदल गया। उसकी गिरफ्तारी के बाद संगठन की गतिविधियां खत्म होने के बजाय उसकी राजनीतिक मौजूदगी को स्थायी रूप देने की कोशिश शुरू हुई। वारिस दे पंजाब ने ऐलान किया है कि उनके नेता चुनाव लड़ेंगे। पार्टी ने अमृतपाल को अपना मुख्यमंत्री चेहरा बताया है।

पंजाब सरकार के सामने क्या है चुनौती

पंजाब की आम आदमी पार्टी की सरकार ने अमृतपाल की अस्थायी रिहाई की मांग का विरोध किया था। राज्य सरकार ने केंद्र के सामने कानून-व्यवस्था, सुरक्षा और सार्वजनिक शांति बनाए रखने से जुड़ी चिंताएं सामने रखी थी। वहीं अदालत ने उसे हिरासत में रहते हुए सीमित समय के लिए परिवार से मिलने की अनुमति दी थी। अमृतपाल के पंजाब आने से वापस डिब्रूगढ़ जाने के दौरान प्रशासन करीब 72 घंटों के लिए हाई अलर्ट पर भी था।

Updated on:
22 Nov 2026, 1:03 PM IST
Published on:
Also Read
View All