अनंत अंबानी को ग्लोबल ह्यूमेन सोसाइटी से ग्लोबल ह्यूमेनिटेरियन अवार्ड मिला है, जिससे वे सबसे कम उम्र के और पहले एशियाई सम्मान प्राप्त करने वाले व्यक्ति बन गए हैं।
रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी के छोटे बेटे अनंत अंबानी को पशु कल्याण के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रतिष्ठित ‘ग्लोबल ह्यूमैनिटेरियन अवॉर्ड’ से सम्मानित किया गया है। यह पुरस्कार उन्हें अमेरिकन ह्यूमेन सोसाइटी के अंतरराष्ट्रीय ब्रांड ‘ग्लोबल ह्यूमेन सोसाइटी’ ने प्रदान किया। अनंत इस पुरस्कार को पाने वाले सबसे युवा तथा एशिया के पहले व्यक्ति हैं।
वाशिंगटन डीसी में आयोजित भव्य समारोह में दुनिया भर के प्रमुख वन्यजीव संरक्षण विशेषज्ञ मौजूद रहे। यह पुरस्कार को पहले हॉलीवुड अभिनेत्री शर्ली मैकलेन, जॉन वेन, बेटी व्हाइट के साथ-साथ पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति जॉन एफ. कैनेडी और बिल क्लिंटन जैसे दिग्गजों को मिल चुका है।
अनंत अंबानी को यह सम्मान जामनगर (गुजरात) में स्थापित उनके महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट ‘वंतारा’ के लिए दिया गया। वंतारा दुनिया के सबसे बड़े और व्यापक वन्यजीव बचाव, उपचार, पुनर्वास तथा संरक्षण केंद्रों में से एक है। यहां घायल, पीड़ित और लुप्तप्राय प्रजातियों को उच्चस्तरीय चिकित्सा, दीर्घकालिक पुनर्वास और वैज्ञानिक अनुसंधान के जरिए नया जीवन दिया जाता है।
वंतारा को अमेरिकन ह्यूमेन सोसाइटी ने ‘ग्लोबल ह्यूमेन सर्टिफाइड’ का दर्जा भी प्रदान किया है। यह प्रमाणन प्राप्त करने के लिए वंतारा ने कठिन ऑडिट पास किया, जिसमें प्रजाति-विशिष्ट देखभाल, व्यवहारिक संवर्धन, पर्यावरण गुणवत्ता, चिकित्सा प्रोटोकॉल, पोषण और स्टाफ की विशेषज्ञता जैसे मानकों की गहन जांच की गई।
पुरस्कार स्वीकार करते हुए अनंत अंबानी ने कहा, 'मैं ग्लोबल ह्यूमेन सोसाइटी का हार्दिक आभार व्यक्त करता हूं। यह सम्मान भारतीय दर्शन ‘सर्व भूत हिते’ की पुष्टि करता है। जानवर हमें संतुलन, विनम्रता और विश्वास सिखाते हैं। वंतारा के माध्यम से हम हर प्राणी को गरिमा, देखभाल और उम्मीद देना चाहते हैं। संरक्षण कल के लिए नहीं, आज का साझा धर्म है।'
ग्लोबल ह्यूमेन सोसाइटी की अध्यक्ष एवं सीईओ डॉ. रॉबिन गैंजर्ट ने कहा, 'वंतारा ने देखभाल में उत्कृष्टता के साथ-साथ हर जानवर को गरिमा, उपचार और उम्मीद देने की गहरी प्रतिबद्धता दिखाई है। अनंत अंबानी इसके सबसे बड़े चैंपियन हैं, जिन्होंने करुणा को वैश्विक मानक बना दिया।' 1877 में स्थापित अमेरिकन ह्यूमेन सोसाइटी दुनिया की सबसे पुरानी और सबसे बड़ी पशु कल्याण प्रमाणन संस्था है। अनंत अंबानी को मिला यह सम्मान वंतारा तथा भारत के पशु कल्याण प्रयासों को वैश्विक पटल पर नई पहचान देता है।