
पटना। बिहार की राजनीति में अपने बेबाक अंदाज के लिए चर्चित मोकामा से विधायक अनंत सिंह की बेटी की शादी इन दिनों चर्चा में है। बेटी की भव्य शादी के लिए अनंत सिंह देशभर में निमंत्रण भेज रहे हैं। खास बात यह है कि इस शादी में सत्ता पक्ष और विपक्ष के नेताओं को भी बुलाया जा रहा है। अनंत सिंह ने साफ कहा कि शादी समारोह में कोई सत्ता पक्ष या विपक्ष नहीं होता। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से लेकर राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव तक सभी को न्योता भेजा जाएगा।
अनंत सिंह ने कहा कि जिन लोगों ने हमें प्यार और सम्मान दिया है, वे सभी शादी में आएंगे। जनता हमारे लिए भगवान के समान है। कोई भी व्यक्ति कहीं से आएगा तो वह मेरे लिए सौगात होगा। हम सभी को निमंत्रण पत्र भेज रहे हैं। मेरी इच्छा है कि हमारे सभी दोस्त, शुभचिंतक और हमसे जुड़े लोग इस पारिवारिक समारोह में शामिल हों।
बेटी की शादी के निमंत्रण को लेकर अनंत सिंह ने कहा कि हम उन सभी लोगों से संपर्क कर रहे हैं, जिनके फोन नंबर हमारे पास हैं। निमंत्रण सिर्फ बिहार तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे भारत और पाकिस्तान में भी भेजे जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि क्या निमंत्रण सिर्फ बिहार के लोगों के लिए है? ऐसा नहीं है। हम हर जगह और सभी लोगों को बुलाएंगे।
अनंत सिंह ने राजनीतिक दलों के बीच के मतभेदों को लेकर कहा कि शादी में कोई सत्ता पक्ष या विपक्ष नहीं होता। ये भेदभाव चुनाव और वोट मांगने के दौरान होते हैं, लेकिन शादी और पारिवारिक समारोहों में ऐसी कोई बात नहीं होती। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव को भी शादी में आमंत्रित किया जाएगा।