राष्ट्रीय

अनंत सिंह की बेटी की हल्दी में डांसर पर नोटों की बारिश, लेकिन कलाकार ने लेने से किया इनकार, वीडियो वायरल

मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की हल्दी रस्म का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। समारोह में गायक पर नोट उड़ाते लोग दिखाई दे रहे हैं, जबकि एक कलाकार ने हाथ जोड़कर पैसे लेने से इनकार कर दिया।
2 min read
• •
Updated: 24 Nov 2026, 10:40 AM IST
Anant Singh Daughter Wedding
अनंत सिंह की बेटी की हल्दी में नोटों की बारिश (वीडियो ग्रैब)

Anant Singh Daughter Wedding: बिहार के मोकामा से बाहुबली विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी 25 नवंबर को होने वाली है। इससे पहले उनकी हल्दी रस्म का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। फुटेज में जश्न का माहौल दिख रहा है, जहां संगीत कार्यक्रम में गाना गा रहे कलाकारों पर मेहमान नोटों की बारिश कर रहे हैं। देखते ही देखते मंच के आसपास और जमीन पर नोट बिखर जाते हैं।

हर ​​तरफ बिखरे नोट, कलाकार ने पैसे लेने से किया इनकार

वायरल वीडियो में, शिवांगी की हल्दी रस्म के दौरान संगीत की महफिल सजी है और गाने की धुन पर वहां मौजूद लोग झूम रहे हैं। इसी बीच मंच पर प्रस्तुति दे रही कलाकार के ऊपर नोट उड़ाए जाने लगते हैं और देखते ही देखते नोटों की बारिश होने लगती है।

इस दौरान खुद अनंत सिंह स्टेज के नीचे बैठे नजर आ रहे हैं और उनके आस-पास नोट बिखरे हुए हैं। दिलचस्प बात यह रही की इसी दौरान एक व्यक्ति जमीन से कुछ नोट उठाकर स्टेज पर मौजूद महिला कलाकार को देने की कोशिश करता है, लेकिन वह विनम्रता से हाथ जोड़कर मना कर देती है। यह वीडियो सोशल मीडिया पर खूब शेयर किया जा रहा है।

देश-विदेश से VIP मेहमानों के आने की उम्मीद

बुधवार को होने वाली इस शादी के लिए लदमा गांव को एक VIP हब में बदल दिया गया है, जहां लगभग 4 लाख मेहमानों के आने की उम्मीद है।अनंत सिंह ने बताया कि उत्तर प्रदेश के नेता राजा भैया और बृजभूषण शरण सिंह, व्यवसायी विवेक राय और बॉलीवुड अभिनेता सोनू सूद सहित कई प्रमुख हस्तियों को निमंत्रण भेजा गया है। उन्होंने बिहार के कई बड़े राजनीतिक नेताओं को भी आमंत्रित किया है और उन्हें उम्मीद है कि BJP नेता नितिन नवीन भी इसमें शामिल होंगे।

बारिश के बाद तैयारियों में तेजी

हाल ही में हुई बेमौसम बारिश के कारण कार्यक्रम स्थल के कुछ हिस्सों में कीचड़ हो गया था। हालांकि, अनंत सिंह ने बताया कि मौसम साफ होने के बाद तैयारियों में फिर से तेज़ी लाई गई है। शादी की तैयारियों का जायजा लेते हुए उन्होंने मेहमानों का स्वागत किया, जिनमें उत्तर प्रदेश के भाजपा विधायक सुशील सिंह भी शामिल थे।

अनंत सिंह ने अपने घर आने वाले लोगों को देखकर बहुत खुशी जताई। उन्होंने कहा कि शादी में आम जनता को भी आमंत्रित किया गया है, चाहे उनके पास निमंत्रण कार्ड हो या न हो। उनके कहा, "यह कोई सिनेमा हॉल नहीं है जहां केवल टिकट वालों को ही प्रवेश मिले। मैंने पूरी जनता को आमंत्रित किया है। जिन्हें कार्ड नहीं मिला है, वे भी आ सकते हैं।"

Updated on:
24 Nov 2026, 10:40 AM IST
Published on: