
Anant Singh Daughter Wedding: बिहार के मोकामा से बाहुबली विधायक अनंत सिंह की छोटी बेटी शिवांगी सिंह की तिलक समारोह की भव्यता और खाने-पीने के इंतजामों की सोशल मीडिया पर खूब चर्चा हो रही है। शुक्रवार को पटना के दानापुर स्थित एक रिसॉर्ट में आयोजित इस कार्यक्रम के कई वीडियो वायरल हो रहे हैं, जिनमें कुछ मेहमानों ने खाने की गुणवत्ता और पूरे आयोजन के प्रबंधन पर सवाल उठाए हैं। कुछ लड़कियों ने खाने की क्वालिटी और स्टार्टर्स न होने की बात कहते हुए इंतजामों को 10 में से केवल 5 अंक दिए।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में तिलक समारोह के भोज में शामिल हुई कुछ लड़कियां खाने के स्वाद और इंतजाम पर अपनी प्रतिक्रिया देती नजर आ रही हैं। वीडियो में एक लड़की कहती है कि 'अनंत चाचा' (अनंत सिंह) का जितना बड़ा नाम और रौब है, उस हिसाब से न तो खाने की क्वालिटी ठीक रही और न ही वहां स्टार्टर का कोई इंतजाम दिखा। इसी आधार पर वह खाने की व्यवस्था को 10 में से सिर्फ 5 नंबर देती है।
हालांकि, उसी वीडियो में मौजूद अन्य लड़कियों ने यह भी माना कि लाखों लोगों को खुला निमंत्रण दिए जाने के बाद इतनी बड़ी भीड़ को संभालना एक बहुत बड़ा काम था और उस लिहाज से इंतजाम काफी हद तक ठीक थे।
तिलक समारोह में अनंत सिंह के समर्थकों और आम लोगों की इतनी भारी भीड़ उमड़ पड़ी कि भव्य तैयारियों के बावजूद खाने-पीने के इंतजाम कम पड़ गए। अन्य वायरल वीडियो में कई फूड स्टॉल पूरी तरह खाली दिख रहे हैं और लोग कहते सुने जा सकते हैं कि खाना खत्म हो गया है।
भीड़ के भारी दबाव के कारण कुछ जगहों पर खासकर पूड़ी और पापड़ के पास अफरा-तफरी जैसा माहौल दिखा, जिसकी वजह से कई मेहमानों को बिना खाए ही घर लौटना पड़ा।
अनंत सिंह की छोटी बेटी शिवांगी का तिलक समारोह पटना के दानापुर स्थित एक रिसॉर्ट में आयोजित किया गया था। जिसके लिए शुक्रवार को लदमा गांव से शिवांगी के परिजन और रिश्तेदार तिलक चढ़ाने के लिए पटना पहुंचे थे। दानापुर के रिसॉर्ट में शानदार सजावट के बीच तिलक की रस्में पूरी की गईं, जिसमें दूल्हे ऋषिकेश कुमार को एक लग्जरी डिफेंडर SUV उपहार में दी गई।