राष्ट्रीय

अनंत सिंह की बेटी की शादी में घुड़दौड़ देखने गए बुजुर्ग ने भगदड़ में गंवाई जान, जेब से जो मिला, वह काफी चर्चा में!

Anant Singh Daughter Wedding: अनंत सिंह की बेटी की शादी में आयोजित घुड़दौड़ देखने पहुंचे बुजुर्ग की भगदड़ के बीच मौत हो गई। पुलिस को उनकी जेब से 2120 रुपये मिले।
2 min read
• •
Updated: 26 Nov 2026, 4:42 PM IST
Shivangi wedding with Rishikesh Kumar
बेटी की शादी में अनंत सिंह ने लहराया गमक्षा (Photo-IANS)

बिहार के मोकामा से विधायक अनंत सिंह की बेटी की शादी में आयोजित घुड़दौड़ प्रतियोगिता देखने के लिए बुधवार को हजारों की भीड़ उमड़ी थी। इसमें एक बड़ा हादसा हो गया। प्रतियोगिता के दौरान अचानक स्थल पर भगदड़ मच गई।

इसी दौरान एक बुजुर्ग अचानक बेहोश होकर गिर पड़े। पुलिस उन्हें अस्पताल लेकर पहुंची, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। उनकी जेब से पुलिस को 2120 रुपये मिले हैं। पैसों के अलावा शुरू में उनके पास से पहचान से जुड़ा कोई भी दस्तावेज नहीं मिला था, पर अब उनकी पहचान हो गई है।

दूसरे जिलों से आए लोग

बता दें कि घुड़दौड़ प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए अलग-अलग जगहों से घुड़सवार पहुंचे थे। वहीं, प्रतियोगिता देखने के लिए आसपास के गांवों के अलावा दूसरे जिलों से भी बड़ी संख्या में लोग जुटे थे।

शाम करीब छह बजे भीड़ के बीच एक बुजुर्ग बेहोशी की हालत में मिले। इसकी जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मी उन्हें कंधे पर उठाकर बाढ़ अनुमंडल अस्पताल ले गए। वहां डॉक्टर रोहन कुमार ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

दोस्त के साथ अनंत सिंह के घर गए थे बुजुर्ग

डॉक्टर के मुताबिक, बुजुर्ग को अस्पताल लाए जाने तक उनकी मौत हो चुकी थी। हालांकि, उनकी जान किस वजह से गई, इसका तत्काल पता नहीं चल सका।

हालांकि, गुरुवार को सामने आए एक अपडेट में मृतक की पहचान बेगूसराय जिले के रेहुआ गांव निवासी अरविंद कुमार के रूप में बताई गई है। बताया गया कि वह अपने एक दोस्त के साथ शादी समारोह में पहुंचे थे। एक संबंधी के जरिए उनकी पहचान की जानकारी सामने आई।

इतनी भीड़ कि पेड़ और मोबाइल टावर पर चढ़ गए लोग

नदमा गांव में घुड़दौड़ देखने के लिए लोगों का ऐसा हुजूम उमड़ा कि आयोजन स्थल पर जगह कम पड़ गई। कई लोग पेड़ों, वाहनों और मोबाइल टावर पर चढ़कर प्रतियोगिता देखने लगे। अनंत सिंह ने माइक से लोगों को टावर और पेड़ों से नीचे उतरने की अपील भी की थी।

भीड़ और अव्यवस्था के कारण घुड़दौड़ का फाइनल मुकाबला भी टालना पड़ा। प्रतियोगिता के विजेता को महिंद्रा थार, दूसरे स्थान पर रहने वाले को बाइक और तीसरे स्थान पर आने वाले को स्कूटी देने की घोषणा की गई थी।

Updated on:
26 Nov 2026, 4:42 PM IST
Published on: