26 नवंबर 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Hindi News / Maharashtra / Mumbai / 26/11 मुंबई हमले के 18 साल: जब 60 घंटे तक आतंक के साये में रही मायानगरी, पीड़ित बोले- नहीं भूले वो खौफनाक रात

26/11 मुंबई हमले के 18 साल: जब 60 घंटे तक आतंक के साये में रही मायानगरी, पीड़ित बोले- नहीं भूले वो खौफनाक रात

26/11 Mumbai Terror Attack: मुंबई आतंकी हमले की 18वीं बरसी पर हमले की चश्मदीद और पीड़िता देविका रोटावन ने उस खौफनाक रात को याद किया है, जब आतंकी अजमल कसाब ने CST रेलवे स्टेशन पर उनके पैर में गोली मार दी थी। उस वक्त देविका महज 9 साल की थीं। उन्होंने कहा कि कसाब को फांसी मिलने से राहत मिली है, अभी इंसाफ पूरा नहीं हुआ है।
4 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

मुंबई

•

image

Dinesh Dubey

•

Updated: 26 Nov 2026, 4:46 PM IST

26/11 Mumbai Attack 18th Anniversary

26/11 आतंकी हमले की 18वीं बरसी (Photo: IANS/ANI)

26/11 Mumbai Attack Survivor Story: मुंबई पर 26 नवंबर 2008 को हुए आतंकी हमले को आज 18 साल पूरे हो गए हैं, लेकिन इस हमले के जख्म आज भी पीड़ितों और चश्मदीदों के दिलों में ताजा हैं। इस मौके पर हमले की अहम गवाह रहीं देविका रोटावन ने उस भयावह रात की यादें साझा की हैं। महज 9 साल की उम्र में आतंकी अजमल कसाब की गोली का शिकार हुईं देविका ने बताया कि उन्होंने अपनी आंखों से कसाब को लोगों पर अंधाधुंध गोलियां चलाते देखा था।

देविका ने कहा कि 18 साल बीत जाने के बावजूद वह उस रात को भुला नहीं पाई हैं। उन्होंने हमले के पीछे मौजूद असली साजिशकर्ताओं को भी सजा देने की मांग की है। उनके मुताबिक, कसाब को फांसी दिए जाने से कुछ राहत जरूर मिली, लेकिन पाकिस्तान में बैठे हमले के मास्टरमाइंड के खिलाफ कार्रवाई के बिना न्याय अधूरा है।

पुणे जा रही थीं देविका, CST स्टेशन पर कसाब ने मारी थी गोली

देविका रोटावन ने 26 नवंबर 2008 की रात को याद करते हुए बताया कि वह अपने पिता के साथ बड़े भाई से मिलने पुणे जा रही थीं। इसी दौरान छत्रपति शिवाजी टर्मिनस (CST) रेलवे स्टेशन पर आतंकी हमला हो गया। देविका ने बताया कि उन्होंने अजमल कसाब को अपनी आंखों से देखा था और इसी दौरान उसके द्वारा चलाई गई गोली उनके दाहिने पैर में लगी थी।

उन्होंने कहा, ''26/11 को हुए हमले को 18 साल हो गए हैं, लेकिन उस रात की यादें आज भी बिल्कुल ताजा हैं। मैं उस भयावह रात को अब तक नहीं भूल पाई हूं। मैं अपने बड़े भाई से मिलने पुणे जा रही थी। मेरे पिता भी मेरे साथ थे। उन्होंने दोनों आतंकियों को देखा था और मैंने अजमल कसाब को अपनी आंखों से देखा था।''

देविका ने बताया कि उस समय उन्हें आतंकवाद का मतलब तक नहीं पता था। उन्होंने सिर्फ एक व्यक्ति को बड़ी बंदूक से लोगों पर अंधाधुंध गोलियां चलाते देखा था। गोली लगने के बाद वह जमीन पर गिर गईं और बेहोश हो गईं।

उन्होंने बताया, ''जब मैं 9 साल की थी, तब मुझे आतंकवाद शब्द का मतलब भी नहीं पता था। मैंने सिर्फ एक आदमी को बड़ी बंदूक लेकर लोगों पर गोलियां चलाते देखा। ऐसा लग रहा था जैसे उसे लोगों को मारने में मजा आ रहा हो। तभी एक गोली मेरे दाहिने पैर में लगी और मैं गिरकर बेहोश हो गई।''

देविका के मुताबिक, गोली लगने के बाद उनके पिता उनके ऊपर गिर पड़े थे। बाद में उन्हें पता चला कि एक पुलिसकर्मी और टिकट कलेक्टर ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया था।

अदालत में कसाब की पहचान कर बनीं अहम गवाह

26/11 हमले के बाद देविका रोटावन इस मामले की अहम चश्मदीद गवाह बनीं। उन्होंने 10 जून 2009 को अदालत में अजमल कसाब की पहचान की थी। देविका ने बताया कि उनके पिता ने सबसे पहले कसाब को पहचाना था और उसके बाद उन्होंने अदालत में उसकी पहचान की।

उन्होंने कहा कि अदालत में गवाही देने के बाद उनकी जिंदगी पूरी तरह बदल गई। महज 9 साल की उम्र में उन्हें उस आतंकी के खिलाफ गवाही देनी पड़ी, जिसने मुंबई में सैकड़ों लोगों की जिंदगी तबाह कर दी थी।

देविका ने कहा कि कसाब को फांसी दिए जाने से उन्हें राहत मिली, लेकिन वह इसे पूरा न्याय नहीं मानतीं। उन्होंने कहा, ''कसाब को फांसी दी गई, इससे मुझे कुछ राहत मिली। लेकिन ऐसा लगता है कि उसे मारना सिर्फ एक मच्छर को मारने जैसा था। असली मास्टरमाइंड तो पाकिस्तान में बैठे हैं, जो कसाब जैसे आतंकियों को तैयार करते हैं। उन्हें भी फांसी या कड़ी सजा मिलने पर ही सही मायने में न्याय मिलेगा।''

चाय बेच रहे तौफीक शेख ने भी याद की हमले की रात

26/11 आतंकी हमले के एक अन्य पीड़ित तौफीक शेख ने भी उस रात के भयावह मंजर को याद किया। हमले के समय वह CST रेलवे स्टेशन पर चाय बेचते थे। उन्होंने बताया कि घटना के वक्त वह चाय के पैसे लेने के लिए बाहर गए हुए थे और एक मेडिकल स्टोर के पास खड़े थे।

तौफीक के मुताबिक, शुरुआत में उन्हें गोली चलने की आवाज पटाखे जैसी लगी थी। उस समय भारत और इंग्लैंड के बीच क्रिकेट मैच भी चल रहा था। इसलिए उन्हें लगा कि शायद भारत की जीत का जश्न मनाया जा रहा है। लेकिन कुछ ही देर में स्टेशन पर मची अफरा-तफरी ने उन्हें हमले की गंभीरता का एहसास करा दिया।

उन्होंने बताया कि 18 साल बीतने के बाद भी उस रात की यादें उनका पीछा नहीं छोड़तीं और वह ठीक से सो नहीं पाते।

पति को सिर में लगी थी गोली, बच्चों को लेकर भागीं सुनीता

इस आतंकी हमले में अपने पति को खोने वाली सुनीता ने भी उस रात का दर्द साझा किया है। पिछले साल ANI को दिए एक इंटरव्यू में उन्होंने बताया कि हमले के समय वह अपने पति और बच्चों के साथ CST स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर मौजूद थीं।

सुनीता के मुताबिक, शुरुआत में उन्हें भी गोलियों की आवाज पटाखों जैसी लगी। लेकिन जब लोग जान बचाने के लिए भागने लगे, तभी उनके पति के सिर में गोली लग गई। हमले में सुनीता भी घायल हुई थीं। उन्होंने किसी तरह अपने बच्चों को लेकर वहां से भागकर जान बचाई।

सुनीता ने बताया, ''मेरे पति की इस हमले में मौत हो गई। जब गोलियां चलने की आवाज आई तो पहले हमें लगा कि पटाखे फूट रहे हैं। जब हमने वहां से भागने की कोशिश की, तभी मेरे पति के सिर में गोली लग गई। मैं अपने बच्चों को बचाने के लिए लेकर भागी। इस हमले में मुझे भी गोली लगी थी।''

समंदर के रास्ते आए थे लश्कर के 10 आतंकी, 166 लोगों की हुई थी मौत

गौरतलब है कि 26 नवंबर 2008 को पाकिस्तान समर्थित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा (LeT) के 10 आतंकियों ने समुद्री रास्ते से मुंबई में घुसकर कई जगहों पर एक साथ हमला किया था। करीब चार दिनों तक चले इस आतंकी हमले ने पूरी दुनिया को हिलाकर रख दिया था।

आतंकियों ने मुंबई के कई प्रमुख ठिकानों को निशाना बनाया था। इनमें छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (CSMT), ताजमहल पैलेस होटल, ओबेरॉय ट्राइडेंट होटल, नरीमन हाउस, कामा अस्पताल, मेट्रो सिनेमा और लियोपोल्ड कैफे शामिल थे।

इस हमले में कुल 166 लोगों की मौत हुई थी, जबकि 300 से अधिक लोग घायल हुए थे। सुरक्षा बलों की लगभग 60 घंटे तक चली कार्रवाई में 9 आतंकवादी मारे गए थे, जबकि अजमल कसाब को जिंदा गिरफ्तार किया गया था।

मई 2010 में कसाब को मौत की सजा सुनाई गई थी। इसके बाद 21 नवंबर 2012 को पुणे की येरवडा सेंट्रल जेल में उसे फांसी दे दी गई थी। हालांकि, 26/11 हमले के 18 साल बाद भी पीड़ित परिवारों और हमले में जीवित बचे लोगों के लिए उस रात की यादें आज भी बेहद दर्दनाक हैं।