26 नवंबर 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Hindi News / Entertainment / 18 साल बाद बॉलीवुड ने सुधारी अपनी सबसे बड़ी गलती! ‘धुरंधर’, ‘प्रहार’ और ‘भारत भाग्य विधाता’ ने बदल दिया 26/11 दिखाने का अंदाज

18 साल बाद बॉलीवुड ने सुधारी अपनी सबसे बड़ी गलती! ‘धुरंधर’, ‘प्रहार’ और ‘भारत भाग्य विधाता’ ने बदल दिया 26/11 दिखाने का अंदाज

Bollywood Movies on 26/11 Mumbai Attacks: 26/11 मुंबई हमलों के 18 साल बाद बॉलीवुड की तीन फिल्मों 'धुरंधर', 'भारत भाग्य विधाता' और 'प्रहार' ने उस रात की हकीकत को अलग-अलग नजरियों से पेश किया है।
3 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

मुंबई

•

image

Shiwani Mishra

•

Updated: 26 Nov 2026, 3:48 PM IST

Dhurandhar movie 26/11 scene

26/11 के 18 साल बाद बॉलीवुड ने बदला अंदाज (सोर्स: X-@im_mahi0/Instagram-insideboxoffice)

Dhurandhar Movie 26/11 Scene: 26 नवंबर 2008 को मुंबई पर हुए आतंकी हमले के आज 18 साल बीत चुके हैं। पाकिस्तान से आए 10 हथियारबंद आतंकवादियों ने छत्रपति शिवाजी टर्मिनस, ताज महल होटल और लियोपोल्ड कैफे जैसी जगहों पर हमला कर 166 लोगों की जान ले ली थी, जबकि सुरक्षाबलों की कार्रवाई में 9 आतंकी मारे गए थे। इस त्रासदी के बाद लंबे समय तक हिंदी सिनेमा उस रात की भयावहता को संवेदनशीलता और गहराई के साथ पर्दे पर उतारने में पीछे रहा, लेकिन 2026 में आई तीन फिल्मों 'धुरंधर', 'भारत भाग्य विधाता' और 'प्रहार' ने अलग-अलग नजरियों से उस रात की हकीकत को पेश कर दर्शकों को झकझोर दिया।

'धुरंधर' में आतंकियों के जश्न ने ताजा किए जख्म

26/11 की बरसी के कुछ दिनों बाद रिलीज हुई आदित्य धर की फिल्म 'धुरंधर' ने उस रात की क्रूरता को बेहद तीखे अंदाज में दिखाया। जिसमें पाकिस्तान में मौजूद एक भारतीय जासूस की कहानी पर आधारित इस फिल्म में न केवल मुंबई में हुई तबाही दिखाई गई, बल्कि ये भी दिखाया गया कि कैसे सीमा पार बैठे आतंकी आका और उन्हें फंड देने वाले हर धमाके और मौत का जश्न मना रहे थे। रणवीर सिंह की अदाकारी और निर्देशक द्वारा उस रात की असली ऑडियो क्लिप्स के इस्तेमाल ने खून-खराबे और जश्न के इस विरोधाभास को और अधिक झकझोरने वाला बना दिया।

फिल्म के को-स्टार आर. माधवन ने बताया कि इस सीन की शूटिंग के बाद अक्षय खन्ना और अर्जुन रामपाल दोनों फूट-फूट कर रो पड़े थे। अर्जुन रामपाल ने उस रात को याद करते हुए कहा कि हमले की अगली सुबह घर लौटते समय उन्हें कम से कम तीन बार गाड़ी रोकनी पड़ी थी क्योंकि उनकी तबीयत बिगड़ने लगी थी। उनके मुताबिक, जब आदित्य धर ने उन्हें इस सीन के बारे में बताया, तो उन्हें लगा कि उन्हें उस रात देखे गए मंजर का जवाब देने का मौका मिल गया है।

बता दें, सिनेमाघरों में इस सीन को देखकर कई दर्शकों ने गहरा गुस्सा और बेचैनी महसूस की। 26/11 हमले में बचीं रजिता बग्गा ने सोशल मीडिया पर लिखा कि हमलावरों को हर धमाके और मौत पर जश्न मनाते देखना आज भी अंदर तक झकझोर देता है और ये राष्ट्रीय सुरक्षा के प्रति संकल्प को और मजबूत करता है।

'भारत भाग्य विधाता' और 'प्रहार' ने दिखाए अलग पहलू

जहां 'धुरंधर' ने आतंकियों की क्रूरता को उजागर किया, तो वहीं कंगना रनौत अभिनीत 'भारत भाग्य विधाता' ने उस रात दूसरों की जान बचाने वालों की करुणा को केंद्र में रखा। ये फिल्म कामा अस्पताल की उन नर्सों के अनुभवों पर आधारित है, जिन्होंने अस्पताल को सुरक्षित किले में बदलकर मरीजों की रक्षा की और मैटरनिटी वार्ड में मौजूद 20 प्रेग्नेंट महिलाओं की जान बचाई।

दूसरी ओर, राजकुमार राव अभिनीत फिल्म 'प्रहार' ने हमले के बाद की कानूनी लड़ाई को दिखाया। ये फिल्म पब्लिक प्रॉसिक्यूटर उज्ज्वल निकम की उस मुहिम पर केंद्रित है, जिसका उद्देश्य जिंदा पकड़े गए इकलौते आतंकी अजमल कसाब को सजा दिलाना था। उज्ज्वल निकम ने बताया कि फिल्म के लिए उनकी पहली शर्त यही थी कि किसी भी किरदार का यहां तक कि उनका खुद का भी महिमामंडन (glorification) न किया जाए और सभी असली नामों का ही इस्तेमाल हो। आखिर में फिल्म को अच्छा रिस्पॉस मिला था।

शुरुआती नाकामी से ईमानदार कहानी कहने तक का सफर

26/11 को पर्दे पर लाने की बॉलीवुड की शुरुआती कोशिशें विवादों और आलोचनाओं में घिरी रही थीं। हमले के कुछ ही दिनों बाद निर्देशक राम गोपाल वर्मा तत्कालीन सीएम विलासराव देशमुख और अभिनेता रितेश देशमुख के साथ ताज महल होटल गए थे, जिसकी कड़ी आलोचना हुई थी। इसके बाद 2013 में आई वर्मा की नाना पाटेकर अभिनीत फिल्म 'द अटैक्स ऑफ 26/11' को भी आत्म-केंद्रित बताते हुए नकार दिया गया था।

इसके विपरीत, 5 साल बाद आई एंथनी मारस की 'होटल मुंबई', जिसमें देव पटेल, अनुपम खेर और जेसन इसाक्स थे। इनको भी काफी सराहना मिली। देव पटेल ने 'द न्यूयॉर्क टाइम्स' को दिए एक इंटरव्यू में कहा था कि फिल्म ने किसी काल्पनिक 'एक्शन हीरो' के बजाय आम लोगों के डर, हताशा और संघर्ष को ईमानदारी से दिखाया। इसी कड़ी में 2021 में प्राइम वीडियो पर निखिल आडवाणी की सीरीज 'मुंबई डायरीज' ने मेडिकल प्रोफेशनल्स के नजरिए को पेश किया, जबकि तेलुगु फिल्म 'मेजर' ने मेजर संदीप उन्नीकृष्णन की शहादत और बहादुरी को पर्दे पर उतारा।

आखिरकार 2026 में 'धुरंधर' की 'हाइपर-रियलिटी', 'भारत भाग्य विधाता' की संवेदनशीलता और 'प्रहार' के कोर्टरूम के जरिए हिंदी सिनेमा ने ये साबित किया कि इतिहास की सबसे दर्दनाक रात को दिखाने के लिए बनावटी नाटकीयता के बजाय सच्चाई और ईमानदारी ही सबसे कारगर माध्यम है।