
मोकामा के बाहुबली नेता और विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की आज शादी है। शादी समारोह में राजनीति के बड़े चेहरों के पहुंचने के साथ ही कई दिलचस्प नजारे भी देखने को मिल रहे हैं। केंद्रीय मंत्री ललन सिंह जब शादी में पहुंचे तो अनंत सिंह के साथ उनकी ठेठ बिहारी अंदाज में बातचीत ने सबका ध्यान खींच लिया।
ललन सिंह ने अनंत सिंह से मजाकिया अंदाज में पूछा- आजो कोई प्राइज दे रहल हो की? इस पर अनंत सिंह ने भी बिना देर किए अपने खास अंदाज में जवाब दिया, कहा- हां- ये है न थार…। बता दें कि दोनों नेताओं के बीच हुई इस बातचीत के बाद वहां मौजूद लोग हंसने लगे।
दरअसल, केंद्रीय मंत्री ललन सिंह बुधवार को अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शादी में शामिल होने के लिए पटना जिले के नदवां गांव पहुंचे। उनके पहुंचने पर अनंत सिंह ने उनका स्वागत किया।
दोनों नेताओं के बीच काफी देर तक बातचीत हुई। इस दौरान राजनीतिक चर्चा से ज्यादा दोनों के बीच हंसी-मजाक का माहौल देखने को मिला। जदयू से अनंत सिंह को निकाले जाने के बाद ललन सिंह की मोकामा विधायक के साथ यह पहली मुलाकात थी।
इस शादी में सबसे ज्यादा चर्चा घुड़दौड़ प्रतियोगिता की हो रही है। अनंत सिंह ने मेहमानों के मनोरंजन के लिए खास घुड़दौड़ का आयोजन कराया है। इसके लिए गांव के पास करीब 10 से 12 बीघा जमीन पर मैदान तैयार किया गया है।
बुधवार को घुड़दौड़ शुरू होते ही मैदान में लोगों की भारी भीड़ जुट गई। सिर्फ शादी में आए मेहमान ही नहीं, बल्कि आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में लोग घोड़ों की रेस देखने पहुंचे। घोड़ों की रफ्तार और मुकाबले को लेकर लोगों में जबरदस्त उत्साह नजर आया।
इस प्रतियोगिता में विजेता को महिंद्रा थार देने का ऐलान किया गया है। दूसरे स्थान पर आने वाले घोड़े के मालिक को बाइक और तीसरे स्थान पर रहने वाले को स्कूटी मिलेगा। बिहार के अलावा उत्तर प्रदेश, झारखंड और दूसरे राज्यों से भी घोड़े इस मुकाबले में शामिल होने पहुंचे हैं।
अनंत सिंह ने बेटी की शादी को यादगार बनाने के लिए बड़े स्तर पर तैयारियां कराई हैं। नदवां गांव में भव्य पंडाल बनाया गया है। शादी में करीब चार लाख मेहमानों के पहुंचने का अनुमान लगाया गया है। उनके स्वागत के लिए 150 से ज्यादा तरह के पकवान तैयार किए जा रहे हैं।
शादी में दूल्हे ऋषिकेश कुमार को करीब तीन करोड़ रुपये की लैंड रोवर डिफेंडर गिफ्ट करने की भी चर्चा रही है। इसके अलावा वीआईपी मेहमानों के लिए हेलिपैड की व्यवस्था की गई है।