
पटना। बिहार की राजनीति में बेबाक अंदाज के लिए चर्चित मोकामा विधायक अनंत सिंह के घर इन दिनों शादी की तैयारियां जोरों पर हैं। उनकी बेटी शिवांगी सिंह की शादी 25 नवंबर को ऋषिकेश कुमार के साथ होने जा रही है। शादी को लेकर अनंत सिंह के पैतृक गांव नदवां में जश्न का माहौल है। 20 नवंबर को शिवांगी का तिलक समारोह आयोजित होगा।
बेटी की शादी के बीच अनंत सिंह की अपनी प्रेम कहानी भी एक बार फिर चर्चा में आ गई है। अनंत सिंह और उनकी पत्नी नीलम देवी की प्रेम कहानी किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं है। कॉलेज में हुई पहली मुलाकात से शुरू हुआ प्यार कोलकाता के एक प्रसिद्ध काली मंदिर में शादी तक पहुंचा था। इस प्रेम कहानी का खुलासा खुद अनंत सिंह ने एक पुराने इंटरव्यू में किया था।
अनंत सिंह ने इंटरव्यू में बताया था कि उनकी और नीलम देवी की पहली मुलाकात एक कॉलेज में हुई थी। उस दिन नीलम देवी परीक्षा देने पहुंची थीं, जबकि अनंत सिंह अपने किसी परिचित को परीक्षा दिलाने के लिए कॉलेज गए थे। इसी दौरान उनकी नजर नीलम देवी पर पड़ी। अनंत सिंह के मुताबिक, पहली नजर में ही नीलम देवी उन्हें पसंद आ गईं। इसके बाद दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई और धीरे-धीरे यह मुलाकात प्यार में बदल गई।
एक महिला पत्रकार ने जब अनंत सिंह से उनकी लव मैरिज के बारे में सवाल पूछा तो उन्होंने बताया कि वे नीलम देवी को अपने साथ कोलकाता ले गए थे और वहां काली मंदिर में शादी कर ली थी। उन्होंने कहा कि शादी के लिए किसी से बातचीत या औपचारिक रूप से रिश्ता मांगने नहीं गए थे। दोनों ने अपनी मर्जी से शादी करने का फैसला किया था।
वहीं, जब अनंत सिंह से पूछा गया कि क्या नीलम देवी उनके खान-पान को लेकर टोका-टाकी करती हैं, तो उन्होंने कहा कि ऐसा बिल्कुल नहीं है। उन्होंने बताया कि उनको भी नौकर लोग खाना खिलाते हैं और हमको भी नौकर लोग खिलाते हैं। हम लोग साथ बैठकर नहीं खाते हैं। जो खाना बन जाता है, वही खा लेते हैं।