
Bihar MLC Election:बिहार में एमएलसी चुनाव के दौरान जदयूविधायक अनंत सिंहऔर पार्टी नेता नीरज कुमार के बीच सामने आए मतभेद को लेकर जदयू और भाजपा नेताओं की प्रतिक्रिया सामने आई है। एनडीए नेताओं ने विवाद को मामूली बताते हुए कहा है कि जल्द ही सब कुछ सुलझा लिया जाएगा।
दरअसल, नीतीश कुमार की पार्टी जदयू ने पटना स्नातक सीट से नीरज कुमार को अपना उम्मीदवार बनाया है। वहीं, जदयू विधायक अनंत सिंह ने जन सुराज पार्टी के उम्मीदवार अनुज सिंह के समर्थन में प्रचार शुरू किया है। इसी को लेकर दोनों नेताओं के बीच मतभेद की स्थिति सामने आई है।
जदयू के राष्ट्रीय महासचिव श्याम रजक ने कहा कि एनडीए सभी आठ सीटों पर जीत दर्ज करेगा। उन्होंने कहा कि नीरज कुमार की सीट समेत सभी आठ सीटें जीतने में कोई संदेह नहीं है। श्याम रजक ने अनंत सिंह और नीरज कुमार के बीच विवाद को मामूली मतभेद बताया। उन्होंने कहा कि कुछ मामूली मतभेद हैं, लेकिन सब कुछ सुलझा लिया जाएगा।
एमएलसी चुनाव में कांग्रेस और राजद के अलग-अलग चुनाव लड़ने को लेकर भी श्याम रजक ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि गठबंधन की बैठकों में दोनों दल साथ बैठकर सरकार गिराने की बात करते हैं, लेकिन चुनाव के समय एक-दूसरे को ही हराने की कोशिश करते हैं।
उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर यह कैसा गठबंधन है। श्याम रजक ने कहा कि जनता भी इसका जवाब जानना चाहती है, लेकिन उनके पास कोई जवाब नहीं है।
भाजपा नेता और बिहार सरकार में मंत्री रामकृपाल यादव ने भी अनंत सिंह और नीरज कुमार के बीच विवाद पर प्रतिक्रिया दी। ललन सिंह की ओर से दोनों नेताओं के बीच सुलह को लेकर हाथ खड़े करने के सवाल पर उन्होंने कहा कि ललन सिंह जनता दल (यूनाइटेड) के नेता और केंद्र में मंत्री हैं। यह मामला उनके क्षेत्र से जुड़ा हुआ है और इसका समाधान निकल जाएगा।
रामकृपाल यादव ने कहा कि इसमें कोई दिक्कत नहीं होगी और चुनाव के नतीजे एनडीए के पक्ष में आएंगे।
राहुल गांधी के सत्याग्रह पोर्टल लॉन्च करने पर रामकृपाल यादव ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस विपक्ष में है और सरकार में भी रही है, लेकिन इतने वर्षों के शासन के बावजूद उसे आम लोगों की समस्याओं की जानकारी नहीं है।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी अभी विपक्ष में हैं और अगले कई वर्षों तक विपक्ष में ही रहेंगे। उनके मुताबिक राहुल गांधी को लोगों के बीच जाकर उनके दुख-दर्द को समझना चाहिए। रामकृपाल यादव ने कहा कि जिन दलितों, पीड़ितों और शोषितों की बात राहुल गांधी आज कर रहे हैं, भाजपा सरकार पहले से ही उनका ध्यान रख रही है।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के पटना दौरे को लेकर भी रामकृपाल यादव ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि पटना नितिन नवीन का होमटाउन है और वह दो दिवसीय दौरे पर आ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि नितिन नवीन पार्टी संगठन के साथ बातचीत करेंगे और एमएलसी चुनाव में एनडीए के घोषित उम्मीदवारों की जीत को लेकर रणनीति तैयार करेंगे। वह एनडीए के घटक दलों के साथ भी बातचीत करेंगे। रामकृपाल यादव ने कहा कि उनके मार्गदर्शन में चुनाव होगा और सभी सीटों पर एनडीए को जीत मिलेगी।