
तटरक्षक बल ने बचाई 66 वर्षीय मरीज की जान। फोटो-IANS
Indian Coast Guard Rescue: भारतीय तटरक्षक बल नेखराब मौसम और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बीच 66 वर्षीय मरीज को समय पर चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराकर एक बार फिर त्वरित कार्रवाई का परिचय दिया। केंद्रशासित प्रदेश लक्षद्वीप प्रशासन तथा कोच्चि और कवरत्ती स्थित तटरक्षक जिला मुख्यालयों के समन्वय से यह अभियान सफलतापूर्वक पूरा किया गया।
गंभीर रूप से बीमार 66 वर्षीय व्यक्ति को तत्काल मस्तिष्क एवं तंत्रिका संबंधी शल्य चिकित्सा की जरूरत थी। उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे लगातार ऑक्सीजन सहायता की आवश्यकता थी।
मरीज को अगत्ती से सुरक्षित तरीके से कोच्चि पहुंचाने के लिए कोच्चि स्थित तटरक्षक वायु प्रतिष्ठान से डोर्नियर विमान भेजा गया। गंभीर स्वास्थ्य स्थिति के साथ-साथ रास्ते में मौजूद मौसम संबंधी चुनौतियों के बावजूद तटरक्षक दल ने अभियान को पूरी तत्परता के साथ पूरा किया।
हवाई निकासी के दौरान मरीज को विमान में लगातार ऑक्सीजन सहायता दी गई। इससे उसकी स्थिति को संभालते हुए उसे आगे के जरूरी उपचार के लिए कोच्चि पहुंचाया जा सका।
गौरतलब है कि बीते दिनों भारतीय तटरक्षक बल ने समुद्र में तेज लहरों के बीच एक और बचाव मिशन को अंजाम दिया था। यह अभियान रात के घने अंधेरे में शुरू किया गया था। चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बीच तटरक्षक दल ने एक बांग्लादेशी नाविक की जान बचाई और उसे समय पर चिकित्सा सहायता भी उपलब्ध कराई।
यह बचाव अभियान डिगलीपुर के पास चलाया गया था। विजयपुरम स्थित समुद्री बचाव समन्वय केंद्र से तटरक्षक बल को इसकी सूचना मिली थी।
सूचना मिलने के बाद भारतीय तटरक्षक मुख्यालय, अंडमान एवं निकोबार ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। जानकारी मिली थी कि एमवी एमरिस पर सवार चालक दल का 36 वर्षीय बांग्लादेशी सदस्य जहाज पर गिरने से गंभीर रूप से घायल हो गया है।
नाविक के सिर और रीढ़ की हड्डी में गंभीर चोटें आई थीं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए भारतीय तटरक्षक पोत राजदूत को राहत एवं चिकित्सा निकासी अभियान के लिए रवाना किया गया।
खराब मौसम और उफनते समुद्र के बावजूद भारतीय तटरक्षक कर्मियों ने जोखिम उठाते हुए घायल नाविक को सुरक्षित रूप से पोत पर पहुंचाया। इसके बाद उसे समय पर चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई गई।
Updated on:
04 Oct 2026 11:28 am
Published on:
04 Oct 2026 11:28 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
