
शिवसेना यूबीटी सांसद संजय राउत (फोटो सोर्स-IANS)
Jantar Mantar Protest Woman Journalist: शिवसेना (UBT) सांसद संजय राउत ने जंतर-मंतर पर महिला पत्रकार के साथ पुलिस के कथित व्यवहार और चुनाव प्रक्रिया को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने महिला पत्रकार से जुड़े मामले पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से सवाल किया। वहीं, चुनावों को लेकर उन्होंने पूर्व CEC राजीव कुमार और मौजूदा CEC ज्ञानेश कुमार पर गंभीर आरोप लगाते हुए विधानसभा और लोकसभा चुनाव दोबारा कराने की मांग की।
संजय राउत ने जंतर-मंतर पर हुई घटना का जिक्र करते हुए पुलिस की कार्रवाई पर कड़ी आपत्ति जताई। राउत ने कहा कि जिस तरह से पुलिस ने एक महिला पत्रकार को अपमानित किया, वह बेहद गंभीर और निंदनीय है। गृह मंत्री पर निशाना साधते हुए शिवसेना (UBT) सांसद ने कहा, 'जंतर-मंतर पर जिस तरह पुलिस ने एक महिला पत्रकार को अपमानित किया; अमित शाह कहां हैं, क्या वह भूमिगत हो गए हैं?'
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा सभी चुनावों को 'अवैध' बताए जाने के बयान का समर्थन करते हुए संजय राउत ने चुनाव आयोग पर सीधे आरोप लगाए। राउत ने कहा कि देश में हुए चुनावों में बड़े पैमाने पर धोखाधड़ी, भ्रष्टाचार और हेरफेर किया गया है।
चुनाव आयोग के अधिकारियों पर सीधा हमला बोलते हुए राउत ने कहा कि पूर्व CEC राजीव कुमार और मौजूदा CEC ज्ञानेश कुमार देशद्रोही हैं। सभी चुनाव रद्द किए जाने चाहिए और विधानसभा तथा लोकसभा चुनाव दोबारा कराए जाने चाहिए।
संजय राउत ने कहा कि यह मार्च देश में चुनावी प्रक्रिया को लेकर उठ रहे सवालों और कथित तौर पर चुनावों में हस्तक्षेप के खिलाफ है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग और सुप्रीम कोर्ट पर दबाव बनाने, वोटों में हेरफेर, चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने और सांसदों-विधायकों को अपने साथ मिलाने जैसी कोशिशों के खिलाफ यह विरोध दर्ज कराया जा रहा है। राउत के मुताबिक, राज ठाकरे और उद्धव ठाकरे ने इस मार्च का ऐलान किया है और महा विकास अघाड़ी के सभी दल इसका समर्थन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मार्च के दौरान नेता मंच से देश को संबोधित करेंगे।
Updated on:
04 Oct 2026 12:28 pm
Published on:
04 Oct 2026 12:11 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
