राष्ट्रीय

किर्गिस्तान में पानी के नीचे मिला प्राचीन शहर, पोम्पेई जैसी तबाही के संकेत तलाश रहे वैज्ञानिक

किर्गिस्तान की इस्सिक-कुल झील में करीब 800 साल पुराने शहर के अवशेष मिले हैं। मिट्टी के बर्तन, कब्रें, जानवरों की हड्डियां और इमारतों के निशान मिले हैं। वैज्ञानिक भूकंप या प्राकृतिक आपदा से शहर के डूबने की संभावना की जांच कर रहे हैं।
2 min read
• •
Oct 14, 2026
Kyrgyzstan news
AI Image-(ChatGpt)

Ancient city in Kyrgyzstan: मध्य एशियाई देश किर्गिस्तान में वैज्ञानिकों को करीब 800 साल पुराने शहर के अवशेष मिले हैं। ये अवशेष देश की सबसे बड़ी झील इस्सिक-कुल में तोरू-आयगिर इलाके के पास पाए गए हैं। वैज्ञानिकों और गोताखोरों की टीम झील के भीतर जाकर इनकी जांच कर रही है। शुरुआती खोज में मिट्टी के बर्तनों के टुकड़े, जानवरों की हड्डियां, पुरानी कब्रें और इमारतों के निशान मिले हैं। वैज्ञानिकों को उम्मीद है कि इन अवशेषों से उस दौर के लोगों के रहन-सहन, खानपान और व्यापार के बारे में नई जानकारी मिल सकेगी।

झील की सतह से 4 मीटर नीचे मिला शहर

यह प्राचीन शहर झील की सतह से करीब एक से चार मीटर नीचे स्थित है। वैज्ञानिक अब यह पता लगाने में जुटे हैं कि शहर कितना बड़ा था और यहां किस तरह की इमारतें मौजूद थीं। रूसी विज्ञान अकादमी के भूवैज्ञानिकों के अनुसार, किसी बड़े भूकंप या अन्य प्राकृतिक आपदा के कारण शहर जलमग्न हो गया होगा। शहर की स्थिति और अचानक उसके डूबने की संभावना ने वैज्ञानिकों का ध्यान खींचा है। इस खोज की तुलना इटली के प्राचीन पोम्पेई शहर से भी की जा रही है। पोम्पेई कभी एक विकसित सभ्यता, संस्कृति और व्यापार का प्रमुख केंद्र था, लेकिन प्राकृतिक आपदा के कारण उसका अस्तित्व अचानक समाप्त हो गया था।

मिट्टी के बर्तन और हड्डियां बताएंगी इतिहास

वैज्ञानिकों ने वर्ष 2024 में इस क्षेत्र में खोज का काम शुरू किया था। टीम का उद्देश्य शहर के आकार, वहां बनी इमारतों और लोगों की जीवनशैली से जुड़े प्रमाण जुटाना है। झील के नीचे मिले मिट्टी के बर्तनों के टुकड़े और जानवरों की हड्डियां इस अध्ययन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। इन वस्तुओं की जांच से उस समय के खानपान और दैनिक जीवन के बारे में संकेत मिलने की उम्मीद है। वहीं, पुरानी कब्रें और इमारतों के अवशेष शहर की सामाजिक संरचना को समझने में मदद कर सकते हैं।

सिल्क रोड से जुड़ सकता है व्यापार का इतिहास

किर्गिस्तान का यह इलाका प्राचीन व्यापारिक मार्गों से जुड़ा रहा है। इनमें सिल्क रोड का विशेष महत्व है। ऐसे में झील के नीचे मिले शहर के अवशेष उस दौर में व्यापारियों की गतिविधियों और क्षेत्र के आर्थिक महत्व को समझने का अवसर दे सकते हैं। वैज्ञानिकों की आगे की जांच से इस प्राचीन बस्ती के इतिहास के बारे में अधिक जानकारी सामने आने की उम्मीद है।

Published on:
14 Oct 2026 02:00 am