
Maoists Surrender: आंध्र प्रदेश सरकार ने आत्मसमर्पण एवं पुनर्वास नीति के तहत शनिवार को 18 आत्मसमर्पित माओवादियों को कुल 75 लाख रुपये की आर्थिक सहायता राशि के डिमांड ड्राफ्ट वितरित किए। पुलिस महानिदेशक हरिश कुमार गुप्ता ने विजयवाड़ा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान यह सहायता राशि लाभार्थियों को सौंपी।
आत्मसमर्पण करने वाले माओवादियों में एक राज्य समिति सदस्य जोरिगा नागराजू उर्फ कमलेश, दो डिवीजनल कमेटी सदस्य, 10 एरिया कमेटी सदस्य और पांच पार्टी सदस्य शामिल हैं। सरकार का उद्देश्य इन लोगों को समाज की मुख्यधारा में लाकर उन्हें सम्मानजनक जीवन जीने का अवसर प्रदान करना है।
डीजीपी हरिश कुमार गुप्ता ने कहा, "यह पहल राज्य सरकार की आत्मसमर्पण को प्रोत्साहित करने और पूर्व माओवादियों के पुनर्वास के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है।" उन्होंने बताया कि पिछले ढाई वर्षों में आंध्र प्रदेश पुलिस ने वामपंथी उग्रवाद के खिलाफ कई बड़ी उपलब्धियां दर्ज की हैं।
इस दौरान पुलिस ने 18 माओवादी कैडरों को मुठभेड़ों में मार गिराया, जिनमें तीन केंद्रीय समिति सदस्य और तीन स्पेशल जोनल कमेटी सदस्य शामिल थे। इसके अतिरिक्त 73 माओवादी कैडरों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें चार स्पेशल जोनल कमेटी सदस्य भी हैं। इस अवधि में छत्तीसगढ़ और ओडिशा पुलिस के साथ संयुक्त अभियानों में 74 माओवादी कैडर मारे गए।
पुनर्वास नीति के तहत माओवादियों का विश्वास बढ़ा है, जिसका परिणाम है कि पिछले ढाई वर्षों में कुल 134 माओवादी कैडरों ने आत्मसमर्पण किया। इन सभी पर कुल 2.87 करोड़ रुपये की इनामी राशि घोषित थी। आत्मसमर्पण करने वालों में एक केंद्रीय समिति सदस्य और दो स्पेशल जोनल कमेटी सदस्य भी शामिल हैं।
इनाम राशि में से अब तक 91 लाख रुपये वितरित किए जा चुके हैं, जबकि 74 लाख रुपये की इनामी राशि का वितरण जारी है। डीजीपी ने भरोसा दिलाया कि आत्मसमर्पण करने वाले माओवादियों को मुख्यधारा में लाने के लिए सरकार हरसंभव सहायता उपलब्ध कराएगी।
राज्य सरकार ने आत्मसमर्पित माओवादियों के लिए कौशल विकास व रोजगार की विशेष योजनाएं चलाई हैं। सरल योजना के अंतर्गत सिलाई, कॉफी बनाने समेत विभिन्न व्यवसायों से जुड़े प्रशिक्षण देकर 2,000 से अधिक लोगों को रोजगार मिला है। प्रेरणा योजना में टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स कंपनियों में 1,200 युवाओं को नौकरी दी गई, साथ ही बांस शिल्प निर्माण व होम नर्सिंग का प्रशिक्षण भी दिया गया। स्फूर्ति योजना के जरिये सरकारी नौकरियों की तैयारी कराने वाले युवाओं में से 175 को नौकरी मिली है।
वामपंथी उग्रवाद प्रभावित क्षेत्रों में सड़क, पुल और मोबाइल नेटवर्क का भी विस्तार किया गया है। आरसीपीएलडब्लूईए परियोजना के तहत 1,265.8 किलोमीटर लंबी 169 सड़कों और 39 पुलों का निर्माण हुआ है। अडवी थल्ली बाटा पहल के तहत 793.71 किलोमीटर लंबी 287 सड़कों का निर्माण कार्य जारी है। मोबाइल एवं दूरसंचार बुनियादी ढांचा परियोजना में 2,090 मोबाइल टावर लगाए गए, जिससे 96 प्रतिशत प्रभावित गांवों में नेटवर्क की सुविधा उपलब्ध हो गई है।
डीजीपी ने बताया कि हाल ही में आत्मसमर्पण करने वाले शेष 32 माओवादी कैडरों को भी जल्द ही 1.21 करोड़ रुपये की सहायता राशि प्रदान की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आत्मसमर्पण करने वालों की समस्याओं का समाधान नियमित रूप से सुनिश्चित करें।
कार्यक्रम में अतिरिक्त डीजीपी एन. मधुसूदन रेड्डी, अतिरिक्त डीजीपी (इंटेलिजेंस) महेश चंद्र लड्डा, आईजीपी पी.एच.डी. रामकृष्ण, डीआईजी (लॉ एंड ऑर्डर) डॉ. फक्कीरप्पा कागिनेली, एसपी वी. गीता देवी समेत अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। आत्मसमर्पण करने वाले माओवादियों ने सरकार और पुलिस का आभार जताया। सरकार का उद्देश्य है कि आर्थिक सहायता, कौशल प्रशिक्षण और रोजगार के अवसर देकर माओवादियों को हिंसा छोड़कर समाज में सम्मानजनक जीवन की ओर प्रेरित किया जाए।