राष्ट्रीय

शादी की खुशियां मातम में बदलीं, हैदराबाद में शादी से लौट रहे लोगों की वैन ट्रक में घुसी; 4 की दर्दनाक मौत

आंध्र प्रदेश के अनंतपुर जिले में गुरुवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। हैदराबाद में शादी समारोह में शामिल होकर लौट रहे लोगों से भरी वैन सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई। हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
2 min read
• •
Updated: 26 Nov 2026, 8:13 PM IST
Andhra Pradesh Road Accident
Andhra Pradesh Road Accident (File Photo: IANS)

अनंतपुर। आंध्र प्रदेश के अनंतपुर जिले में गुरुवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। हैदराबाद में शादी समारोह में शामिल होकर लौट रहे लोगों से भरी वैन सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई। हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। वैन में कुल 11 लोग सवार थे।

पुलिस के मुताबिक, हादसा राष्ट्रीय राजमार्ग-67 पर यदिकी मंडल के रायालाचेरुवु गांव के पास हुआ। वैन में सवार सभी लोग ताडिपत्री मंडल के कावेती समुद्रम और नंदलापाडु गांवों के रहने वाले थे। वे बुधवार रात हैदराबाद में एक शादी समारोह में शामिल होने के बाद वाहन से अपने गांव लौट रहे थे।

सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकराई वैन

ताडिपत्री के पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) एम. चंद्रशेखर ने बताया कि वैन रायालाचेरुवु के पास पहुंची, तभी सड़क किनारे खड़े ट्रक से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि वैन में सवार चार लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

मृतकों की पहचान मिड्डे हनुमंथा रेड्डी (31), सुहासिनी (26), मल्लिकार्जुन शेट्टी (30) और मिड्डे वीरांजनेयुलु रेड्डी (52) के रूप में हुई है। घायलों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेजे गए हैं।

पुलिस ने दर्ज किया मामला

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने ताडिपत्री थाने में मामला दर्ज कर लिया है। अधिकारियों के मुताबिक, हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।

मंत्री ने जताया दुख, घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश

आंध्र प्रदेश के सड़क एवं भवन निर्माण मंत्री मंडीपल्ली रामप्रसाद रेड्डी ने हादसे पर गहरा दुख जताया और मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने अधिकारियों से घायलों को दिए जा रहे उपचार की जानकारी भी ली। साथ ही निर्देश दिए कि घायलों को बेहतर से बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए और इलाज में किसी तरह की देरी न हो।

Updated on:
26 Nov 2026, 8:13 PM IST
Published on: