राष्ट्रीय

अंजलि मर्डर केस में बड़ा खुलासा; बॉयफ्रेंड दिल्ली से गिरफ्तार, हत्या के बाद मां को आए 3 धमकी भरे मैसेज और व्हाट्सएप कॉल

Anjali Sai death case: पश्चिम बंगाल के बरानगर में 26 वर्षीय अंजलि शॉ की हत्या के मामले में पुलिस ने उसके बॉयफ्रेंड धर्मबीर को दिल्ली से गिरफ्तार किया है। शव मिलने के बाद अंजलि की मां को धमकी भरे मैसेज और व्हाट्सएप कॉल आए थे।
3 min read
• •
Updated: 13 Nov 2026, 10:35 AM IST
Anjali Sai death case
Anjali Sai death case (Photo-IANS)

कोलकाता। पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के बरानगर में 26 वर्षीय अंजलि शॉ की हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पश्चिम बंगाल पुलिस ने हत्या के मुख्य आरोपी और अंजलि के बॉयफ्रेंड धर्मबीर को दिल्ली से गिरफ्तार किया है। उसे आनंद विहार रेलवे स्टेशन के बाहर से पकड़ा गया। अंजलि का शव 10 नवंबर की रात बरानगर स्थित एक आवासीय फ्लैट में मिला था। शव पर चोट के निशान भी पाए गए थे।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी धर्मबीर को गिरफ्तार करने के लिए बरानगर पुलिस थाने के एक सब-इंस्पेक्टर के नेतृत्व में विशेष टीम दिल्ली भेजी गई थी। बैरकपुर पुलिस कमिश्नरेट के डीसीपी (साउथ) कुंतल बनर्जी ने बताया कि आरोपी को शुक्रवार को दिल्ली से पश्चिम बंगाल लाया जा रहा है। उससे पूछताछ के बाद मामले से जुड़े कई अहम खुलासे होने की उम्मीद है।

रिश्तेदारों ने बॉयफ्रेंड पर जताया था शक

पुलिस के अनुसार, अंजलि का शव 10 नवंबर की रात उत्तर 24 परगना जिले के बरानगर स्थित पांच मंजिला हाउसिंग को-ऑपरेटिव के एक फ्लैट में मिला था। वह फ्लैट में औंधे मुंह पड़ी हुई थी और उसके शरीर पर चोट के निशान थे। शुरुआत में उसकी मौत की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई थी।

बताया जा रहा है कि अंजलि की बहन और जीजा पिछले चार साल से इस फ्लैट में रह रहे थे। हालांकि, जीजा फिलहाल हुगली जिले के श्रीरामपुर में रहते हैं। अंजलि भी समय-समय पर बरानगर स्थित इस फ्लैट में आती-जाती थी। उसका अपना घर पास के डनलप इलाके में है।

घटना वाले दिन फ्लैट के मालिक यानी अंजलि के जीजा ने चाबी पड़ोसी के पास छोड़ दी थी। इसके बाद 10 नवंबर की दोपहर अंजलि पड़ोसी से चाबी लेकर फ्लैट में पहुंची थी। कुछ समय बाद उसका शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।

शव मिलने के बाद मां को आए धमकी भरे मैसेज और व्हाट्सएप कॉल

परिवार ने दावा किया कि मंगलवार रात अंजलि का शव मिलने के बाद उसके लापता मोबाइल फोन से कम से कम तीन धमकी भरे संदेश और व्हाट्सएप कॉल आए थे। बुधवार दोपहर 3 बजकर 58 मिनट पर अंजलि की मां के पास भी ऐसा ही एक व्हाट्सएप कॉल आया। 13 सेकंड तक चली इस कॉल में दूसरी तरफ से कोई जवाब नहीं दिया गया।

अंजलि की मां ने फोन करने वाले से पूछा कि उनकी बेटी की हत्या क्यों की गई और आखिर उसने क्या अपराध किया था, लेकिन दूसरी तरफ से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद कॉल कट गया और फोन बंद हो गया। यह जानकारी अंजलि के चचेरे भाई शिवम शॉ ने दी। वहीं, बैरकपुर पुलिस कमिश्नरेट के डीसीपी (दक्षिण) कुंतल बंद्योपाध्याय ने टाइम्स ऑफ इंडिया को बताया कि मामले की जांच में कई सुराग मिले हैं। पुलिस ऑनलाइन गेमिंग के पहलू से भी जांच कर रही है। संदिग्धों का पता लगाने के लिए अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी की जा रही है।

मोबाइल लोकेशन से दिल्ली पहुंचने का चला पता

अंजलि की मौत के बाद उसके कुछ रिश्तेदारों ने पुलिस को बताया था कि उन्हें उसके बॉयफ्रेंड धर्मबीर पर शक है। शव मिलने के बाद से ही धर्मबीर फरार था। जांच के दौरान पुलिस ने मोबाइल टावर लोकेशन और गोपनीय सूत्रों से मिली जानकारी के आधार पर पता लगाया कि आरोपी कोलकाता से दिल्ली भाग गया है।

इसके बाद पुलिस की विशेष टीम दिल्ली पहुंची और आनंद विहार रेलवे स्टेशन परिसर के बाहर से उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस को संदेह है कि धर्मबीर अपनी पुरानी जान-पहचान के चलते अंजलि के फ्लैट पर आता-जाता था।

निजी रंजिश या हत्या के पीछे कोई और वजह?

फिलहाल पुलिस हत्या के पीछे की असली वजह का पता लगाने में जुटी है। जांच अधिकारी यह पता कर रहे हैं कि वारदात के पीछे निजी रंजिश थी या कोई अन्य कारण। आरोपी से पूछताछ के बाद ही हत्या से जुड़े घटनाक्रम और मकसद की तस्वीर साफ हो सकेगी।

Updated on:
13 Nov 2026, 10:35 AM IST
Published on: