
कांग्रेस (Congress) सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी (Rahul Gandhi) के भारत की अर्थव्यवस्था (Indian Economy) और देश में बेरोजगारी के विवादित बयान पर पलटवार का सिलसिला शुरू हो गया है। राहुल के बयान पर बीजेपी (BJP) आक्रामक हो गई है। अब बीजेपी सांसद अनुराग ठाकुर (Anurag Thakur) ने इस मामले में राहुल पर निशाना साधा है।
भारत की अर्थव्यवस्था पर राहुल के विवादित बयान पर मीडिया से बात करते हुए अनुराग ने कहा, "यह नेहरू-गांधी परिवार है। एक ऐसा परिवार जिसने चार पीढ़ियों तक देश पर शासन किया और सभी सुविधाओं का आनंद लिया। 'गरीबी हटाओ' के नारे पर इन्होने वोट मांगे, लेकिन अंत में गरीबों को कुचलने का ही काम किया। लेकिन जब एक गरीब मां के बेटे नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) देश के प्रधानमंत्री बने, तो देश का खजाना समृद्ध हुआ। हमारी मौजूदा बेरोजगारी दर सबसे निचले स्तर पर है। इसके अलावा, सच तो यह है कि राहुल गांधी…आप खुद बेरोजगार हैं। आपके पास कोई काम नहीं है। भारत के युवा स्टार्टअप बना रहे हैं। चूंकि कोई भी आपकी विनाशकारी राजनीति का हिस्सा नहीं बनना चाहता, इसलिए आप विदेश जाते हैं, झूठ फैलाते हैं, भारत को बदनाम करते हैं और देश में निवेश के अवसरों को नुकसान पहुंचाने की कोशिश करते हैं, जिससे भारत के युवाओं के लिए और ज़्यादा नौकरियाँ पैदा होने में परेशानी आती है।"
राहुल ने अमेरिका के न्यूयॉर्क में कोलंबिया यूनिवर्सिटी में कहा, "भारत एक बड़े आर्थिक संकट के मोड़ पर खड़ा है और भारतीय अर्थव्यवस्था का मॉडल विफल हो चुका है। देश में भारी बेरोजगारी है और शिक्षा व्यवस्था में गंभीर समस्याएं हैं। देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ छोटे और मझोले व्यवसाय तथा कृषि है, जो रोजगार का मुख्य स्रोत हैं, लेकिन यह रीढ़ टूट चुकी है। ‘मेक इन इंडिया’ और ‘स्टार्टअप इंडिया’ जैसी योजनाएं असफल रहीं। सर्विस सेक्टर अकेले पर्याप्त नौकरियाँ नहीं दे सकता, इसलिए मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर को फिर से मज़बूत करना जरूरी है।" उनके इसी बयान पर विवाद छिड़ गया है, क्योंकि दुनियाभर की टॉप वित्तीय संस्थाएं भी कह रही हैं कि भारत की अर्थव्यवस्था तेज़ी से बढ़ रही है।