
नई दिल्ली। कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद की किताब ‘सनराइज ओवर अयोध्या’ को लेकर विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। इसके चलते आज उनके नैनीताल स्थित घर पर कुछ आराजक तत्वों ने हमला कर दिया। जानकारी के मुताबिक उनके आवास पर आगजनी और पथराव किया गया है। इस संबंध में जानकारी मिलने पर पुलिस सक्रिय हो गई है। पुलिस ने मामले में राकेश कपिल नाम के शख्स के साथ 20 अन्य लोगों पर मामला दर्ज किया है।
20 लोगों पर मुकदमा दर्ज
स्थानीय लोगों का कहना है कि कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद के घर पर हमला करने वाले लोगों के हाथ में एक राजनीतिक पार्टी का झंडा भी था। हालांकि इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। डीजीआई नीलेश आनंद ने कांग्रेस नेता के घर पर हमले की जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि हमने 20 लोगों को चिन्हित कर मामला दर्ज किया है। सभी आरोपियों की पहचान की जा रही है, मामले से संबंधित सभी आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
वहीं कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद ने भी अपने घर पर हुए हमले की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा की हैं। इसके साथ ही उन्होंने लिखा कि क्या मैं अभी भी गलत हूं? क्या ये हिंदुत्व हो सकता है। वहीं कांग्रेस नेता शशि थरूर ने भी सलमान खुर्शीद के घर पर हुए इस हमले की निंदा की है। उनका कहना है कि हमारे देश की राजनीति में असहिष्णुता के बढ़ने को लेकर सत्तासीन लोगों को इसकी निंदा करनी चाहिए।
यह भी पढ़ें:
गौरतलब है कि कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद की किताब सनराइज ओवर अयोध्या पर घमासान मचा हुआ है। दरअसल, अपनी किताब में उन्होंने हिंदुत्व और आरएसएस की तुलना आतंकवादी संगठनों से कर दी। इसके बाद से भाजपा और कई संगठन सलमान सहित कांग्रेस पर हमलावर हैं। विहिप ने उन्हे जुबान काटने की धमकी दी तो कुछ संगठन उन्हें पाकिस्तान जाने की सलाह दे चुके हैं।