
Arvind Kejriwal:आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल फिलहाल गोवा के दौरे पर हैं। गोवा में 2027 के विधानसभा चुनावों के लिए AAP और गोवा फॉरवर्ड पार्टी (GFP) के गठबंधन करने के बाद अरविंद केजरीवाल ने एक बार फिर राधव चड्ढा सहित 7 सांसदों के पार्टी छोड़कर जाने के मामले को उछाला है। गोवा में एक जनसभा को संबोधित करते हुए केजरीवाल ने कहा है कि भविष्य में पार्टी राज्यसभा के लिए अपने उम्मीदवारों का चयन करते समय पहले से ज्यादा सावधानी बरतेगी। यह टिप्पणी उन्होंने ऐसे समय में की है जब पिछले कुछ महीनों में राज्यसभा में पार्टी को बड़ा झटका लगा और उसके कई सांसद पार्टी नेतृत्व के खिलाफ चले गए।
राघव चड्ढा, स्वाति मालीवाल, डॉ. संदीप पाठक, अशोक मित्तल, हरभजन सिंह, राजेंद्र गुप्ता और विक्रमजीत सिंह साहनी के AAP छोड़कर बीजेपी में शामिल होने से आम आदमी पार्टी की राज्यसभा में ताकत काफी कम हो गई। इससे संसद में पार्टी की ताकत और उसकी संख्या पर भी असर पड़ा। इसी घटनाक्रम के बाद केजरीवाल ने भविष्य में राज्यसभा के लिए उम्मीदवारों के चयन में अतिरिक्त सावधानी बरतने की बात कही है।
अरविंद केजरीवाल की यह टिप्पणी गोवा में हुई एक जनसभा के दौरान सामने आई। आम आदमी पार्टी अब अगले साल होने वाले गोवा विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटी हुई है। पार्टी ने गोवा फॉरवर्ड पार्टी (GFP) के साथ चुनाव से पहले गठबंधन करने का भी ऐलान किया है। गोवा फॉरवर्ड पार्टी का गठन 25 जनवरी 2016 को हुआ था। इसका प्रमुख चेहरा विजय सरदेसाई है, जो गोवा के उप मुख्यमंत्री हैं।
AAP और गोवा फॉरवर्ड पार्टी ने 2027 के गोवा विधानसभा चुनाव के लिए हाथ मिलाया है। इस गठबंधन को 'Goa First' नाम दिया गया है। केजरीवाल ने कहा कि यह गठबंधन गोवा के लोगों को बीजेपी और कांग्रेस से अलग एक विकल्प देने के लिए बनाया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि दोनों पार्टियां चुनाव के दौरान एक-दूसरे से लड़ती हैं, लेकिन पर्दे के पीछे समझौते करती हैं और सरकार बनाने में एक-दूसरे की मदद करती हैं। केजरीवाल ने कहा कि गोवा के लोगों को पहले दो बार धोखा दिया गया है और अब वे तीसरी बार धोखा नहीं खाएंगे।