
INDIA Bloc Protest:मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर इंडिया गठबंधन के प्रदर्शन पर आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल की प्रतिक्रिया आई है। उन्होंने ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग का समर्थन किया है। गोवा के चार दिवसीय दौरे पर पहुंचे केजरीवाल ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग उठ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी ने वोटों को हटाकर और चुनाव में धांधली करके लोकतंत्र का मजाक बना दिया है।
गोवा में होने वाले 2027 के विधानसभा चुनावों की रणनीति बनाने के लिए अरविंद केजरीवाल 4 दिनों के गोवा दौरे पर हैं। उन्होंने कहा कि अगले तीन दिनों तक मेरी अलग-अलग लोगों और कार्यकर्ताओं के साथ कई बैठकें हैं। लेकिन यहां उन्होंने ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे ने लोगों को राष्ट्रीय स्तर पर एकजुट किया है और हाल के वर्षों में चुनाव कराने के तरीके पर अब सवाल उठाए जा रहे हैं।
ज्ञानेश कुमार के खिलाफ इंडिया गठबंधन के सांसदों का विरोध प्रदर्शन रात में भी जारी है। दिल्ली के आकाशवाणी भवन परिसर में लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा और गठबंधन के अन्य सांसद डटे हुए हैं। प्रदर्शन स्थल पर गद्दे, चाय और शौचालय की व्यवस्था की गई है। राहुल गांधी ने साफ कहा है कि जब तक जरूरत होगी, वे वहीं डटे रहेंगे।
अरविंद केजरीवाल ने आरोप लगाया कि पिछले कुछ वर्षों में चुनाव के नतीजों पर सवाल उठ रहे हैं। विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के जरिए असली मतदाताओं के नाम काटे जा रहे हैं और फर्जी नाम जोड़े जा रहे हैं। ऐसे में उन्होंने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा जीते गए चुनावों के नतीजों पर अब सवाल उठाए जा रहे हैं। यह पूरी तरह से लोकतंत्र के खिलाफ है। बीजेपी सरकार ने लोकतंत्र का मजाक बना दिया है। उन्होंने कहा कि इस तरीके से चुनाव जीतकर लोकतंत्र के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है, जो कि पूरी तरह से गलत है।