
Dharmendra Pradhan Resignation: जंतर-मंतर पर चल रहे विरोध प्रदर्शन के बीच केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने इस्तीफा दे दिया है। शनिवार को जैसे ही शिक्षा मंत्री के पद छोड़ने का पत्र सामने आया, आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने इसे देश के युवाओं, जेन जी और खुद लोकतंत्र के लिए एक ऐतिहासिक जीत बताया।
सोशल मीडिया छात्रों को संबोधित करते हुए, AAP संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि लंबे समय बाद देश के लोकतंत्र की असली ताकत देखने को मिली है। केजरीवाल ने कहा, "सभी को बहुत-बहुत बधाई। हमारे देश के युवाओं और जेन जी को बहुत-बहुत बधाई। यह बहुत खुशी की बात है, आपके संघर्ष का फल मिला है। आखिरकार, धर्मेंद्र प्रधान को इस्तीफ़ा देना ही पड़ा।"
अरविन्द केजरीवाल ने आगे कहा, "यह पूरे लोकतंत्र की एक बड़ी जीत है। हमारे देश में लोगों का लोकतंत्र से भरोसा उठ गया था। उन्हें लगने लगा था कि सरकारें बस सुनती ही नहीं हैं। जनता सरकार के सामने चिल्लाती थी, गुहार लगाती थी, हाथ जोड़कर विनती करती थी, फिर भी सरकार कभी नहीं सुनती थी। लेकिन एक बड़ा संघर्ष हुआ और आखिरकार सरकार के अहंकार को झुकना पड़ा। उसे जनता के सामने झुकना ही पड़ा।"
केजरिवल ने कहा "यह लोकतंत्र की जीत है। लोकतंत्र जनता का, जनता के द्वारा और जनता के लिए होता है। मुझे उम्मीद है कि सरकार अब NEET सिस्टम को ठीक करेगी ताकि अगले साल से इस देश में पेपर लीक बंद हों और हमारे बच्चे आत्महत्या करने को मजबूर न हों।"
AAP सांसद संजय सिंह ने धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर प्रतिक्रिया देते हुए सोशल मीडिया पर एक पोस्ट किया। उन्होंने लिखा, "युवा शक्ति जिंदाबाद, छात्र शक्ति जिंदाबाद। दुनिया युवाओं के दिखाए रास्ते पर चलती है। अपने आंदोलन के जरिए, देश भर के करोड़ों युवाओं ने मोदी सरकार को उसकी गहरी, कुंभकर्ण जैसी नींद से जगा दिया है। पेपर लीक के मुद्दे से शुरू हुई यह लड़ाई अब रोजगार की मांग तक जाएगी। अब से, देश में हर चूक के लिए जवाबदेही तय की जाएगी। आंदोलन की जीत पर बधाई।"