राष्ट्रीय

राजभवन के सवालों के बाद प्रोफेसर पद से मंत्री अशोक चौधरी का इस्तीफा, तेजस्वी बोले- लगता है अपनी गलती मान ली

बिहार सरकार के मंत्री डॉ. अशोक चौधरी ने पटना के एएन कॉलेज में असिस्टेंट प्रोफेसर के पद से इस्तीफा दे दिया है। इस पर तेजस्वी यादव और पप्पू यादव की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं आई हैं। हालांकि, विश्वविद्यालय ने अभी तक यह इस्तीफा स्वीकार नहीं किया है।
2 min read
• •
Updated: 28 Nov 2026, 11:27 AM IST
Ashok Chaudhary
मंत्री अशोक चौधरी ( फोटो- Ashok Choudhary FB)

Ashok Chaudhary Resignation: बिहार सरकार के मंत्री डॉ. अशोक चौधरी ने पटना के एएन कॉलेज में असिस्टेंट प्रोफेसर के पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने अपना इस्तीफा पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय (PPU) प्रशासन को सौंप दिया है। पिछले कुछ दिनों से एक मंत्री और विधान परिषद सदस्य (MLC) के रूप में काम करते हुए, उनके शिक्षक पद पर बने रहने और छुट्टी के नियमों को लेकर विवाद चल रहा था। राजभवन के हस्तक्षेप और इस मामले में स्पष्टीकरण मांगे जाने के बाद डॉ. चौधरी ने यह कदम उठाया है। इस इस्तीफे के बाद अब बिहार की राजनीति में बयानबाजी भी तेज हो गई है। तेजस्वी यादव और पप्पू यादव ने इस मामले पर प्रतिक्रिया दी है।

पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय में आज बैठक

डॉ. अशोक चौधरी के इस्तीफे पर अब अंतिम फैसला पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय प्रशासन को लेना है, क्योंकि अभी तक इस्तीफा औपचारिक रूप से स्वीकार नहीं किया गया है। इस मुद्दे पर चर्चा करने के लिए शनिवार को विश्वविद्यालय में एक महत्वपूर्ण बैठक बुलाई गई है, जिसकी अध्यक्षता कुलपति करेंगे। इस बैठक में तय किया जाएगा कि डॉ. चौधरी का इस्तीफा स्वीकार किया जाए या नहीं।

क्या है पूरा विवाद और कब-कब क्या हुआ?

ए.एन. कॉलेज में डॉ. अशोक चौधरी की नियुक्ति और उनके प्रोबेशन पीरियड को लेकर कानूनी और प्रशासनिक सवाल उठाए गए थे। डॉ. चौधरी ने 17 फरवरी 2026 को राजनीति विज्ञान विभाग में सहायक प्राध्यापक के रूप में योगदान दिया था। इसके बाद उन्होंने छुट्टी के लिए आवेदन किया।

19 अगस्त को पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय के सिंडिकेट ने उनके बिना वेतन के छुट्टी के आवेदन को खारिज कर दिया, जिससे विवाद और गहरा गया। 31 अक्टूबर को राजभवन ने विश्वविद्यालय प्रशासन से पूरे मामले पर स्पष्टीकरण मांगा और उनकी नियुक्ति के नियमों तथा पात्रता को लेकर सवाल उठाए।

तेजस्वी और पप्पू यादव ने दी प्रतिक्रिया

इस्तीफे की खबर के बाद RJD नेता तेजस्वी यादव ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा, "ऐसा लगता है कि उन्होंने अपनी गलती मान ली है, वरना ये लोग तो इस्तीफा देने वाले नहीं थे। ये लोग तो बिना चुनाव जीते हुए एक-एक साल तक मंत्री रह गए थे।"

वहीं, निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने डॉ. अशोक चौधरी के इस्तीफे पर कहा कि जब सवाल उठे तो उन्होंने नैतिकता और मूल्यों के आधार पर एक पद से इस्तीफा दे दिया, इसमें किसी को क्या परेशानी है। विरोधियों पर निशाना साधते हुए पप्पू यादव ने कहा कि कुछ लोग सिर्फ अपने राजनीतिक एजेंडे को आगे बढ़ाने के लिए बेबुनियाद हमले करते हैं, जबकि बिहार के असली मुद्दे अपराध और बेरोजगारी हैं।

RJD ने नियुक्ति पर उठाए थे सवाल

राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के नेताओं ने मंत्री अशोक चौधरी की असिस्टेंट प्रोफेसर के तौर पर हुई नियुक्ति पर सवाल उठाते हुए लाभ के पद का मुद्दा उठाया था। उन्होंने मांग की थी कि डॉ. अशोक चौधरी की विधान परिषद की सदस्यता रद्द की जाए और उन्हें मंत्रिमंडल से हटाया जाए। RJD सांसद मनोज झा ने आरोप लगाया था कि डॉ. चौधरी एक साथ तीन पदों पर थे, विधान परिषद के सदस्य, मंत्री और A.N. कॉलेज में लेक्चरर।

Updated on:
28 Nov 2026, 11:27 AM IST
Published on: