Himanta Biswa Sarma Attack on Congress: असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कांग्रेस पर हमला करते हुए कहा, उन्हें हराने के लिए कांग्रेस को 7 जन्म लेना पड़ेगा।
Assam Assembly Election 2026: असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा (Himanta Biswa Sarma) ने कांग्रेस (Congress) पर एक बार फिर तीखा हमला बोलते हुए कहा है कि उन्हें हराने के लिए कांग्रेस नेताओं को नया जन्म लेना पड़ेगा। यह बयान उन्होंने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गौरव गोगोई द्वारा उनकी गिरफ्तारी की बात कहने पर दिया।
मुख्यमंत्री सरमा ने गौरव गोगोई पर हमला बोलते हुए कहा, राहुल गांधी तो वही ‘पप्पू’ हैं जिनको पूरे देश में जाना जाता है। और गौरव गोगोई उनके सामने ‘छोटा पप्पू’ ही हैं। अगर ये लोग हिमंत बिस्वा सरमा को जेल भेजना चाहते हैं, तो उन्हें इंदिरा गांधी, राजीव गांधी और राहुल गांधी तीनों को मिलाकर भी नया जन्म लेना पड़ेगा। इस जन्म में तो वे मुझे हराकर या जेल भेजकर कुछ नहीं कर पाएंगे। उन्हें सात जन्मों के बाद ही मैं हिलूंगा।
यह विवाद असम विधानसभा चुनाव 2026 के सियासी युद्ध का हिस्सा माना जा रहा है। चुनाव से पहले दोनों दलों के वरिष्ठ नेता सार्वजनिक मंचों पर लगातार एक‑दूसरे पर निशाना साध रहे हैं।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने असम में कई रैलियों और सभाओं में हिमंत बिस्वा सरमा पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए, कहा कि सरमा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह मिलकर असम में लैंड ATM चला रहे हैं। यानी गरीबों की जमीन बड़ी कंपनियों को दे रहे हैं। उन्होंने घोषणा की कि अगर कांग्रेस सत्ता में आई तो हिमन्त सरमा को जेल भेजा जाएगा, साथ ही दावा किया कि मोदी‑शाह भी उन्हें बचा नहीं पाएंगे।
हिमंत सरमा ने पलटवार करते हुए कहा कि राहुल खुद कई मामलों में जमानत पर बाहर हैं जैसे नेशनल हेराल्ड मामले और फिर दूसरों को जेल भेजने की बात करते हैं। उन्होंने कहा, कांग्रेस में रहते हुए मैं पार्टी की सेवा करता रहा, फिर बीजेपी में शामिल हुआ। इसी वजह से राहुल मुझे धोखेबाज़ बताते हैं। लेकिन चुनाव करीब आने पर राजनीति और बयानबाजी सामान्य बात है।
असम में 2026 के विधानसभा चुनाव 9 अप्रैल 2026 को होंगे, जिसमें राज्य की 126 विधानसभा सीटों पर एक ही चरण में मतदान कराया जाएगा। मतगणना और नतीजे 4 मई 2026 को घोषित किए जाएंगे।