राष्ट्रीय

खरगे की बढ़ी मुश्किलें! ‘सांप’ वाले बयान पर असम में FIR दर्ज; बीजेपी नेताओं ने घेरा

Assam BJP vs Kharge: असम भाजपा नेता रबजीब कुमार सरमा ने FIR में आरोप लगाया कि मल्लिकार्जुन खरगे ने श्रीभूमि जिले में चुनावी रैली के दौरान कहा कि नमाज पढ़ते या कुरान पढ़ते समय अगर जहरीला सांप दिखे तो नमाज छोड़कर उसे मार देना चाहिए।

2 min read
Apr 07, 2026
Congress National President Mallikarjun Kharge
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे(Photo- IANS)

Mallikarjun Kharge Snake Remark: असम में चुनावी रैली के दौरान कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के कथित विवादित बयान ने तूफान खड़ा कर दिया है। खरगे पर भाजपा और RSS को 'जहरीला सांप' बताकर मुस्लिमों को उन्हें मारने की अपील करने का आरोप लगाते हुए असम भाजपा ने आज बसीस्था पुलिस स्टेशन में FIR दर्ज कराई है। इस घटना से राजनीतिक गलियारों में खलबली मच गई है।

BJP ने दर्ज कराई FIR

असम भाजपा नेता रबजीब कुमार सरमा ने FIR में आरोप लगाया कि खरगे आज श्रीभूमि जिले में चुनावी रैली को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा, “नमाज पढ़ते या कुरान पढ़ते समय अगर जहरीला सांप दिखे तो नमाज छोड़कर उसे मार देना चाहिए। भाजपा और RSS भी ऐसे ही जहरीले सांप हैं। इसलिए उन्हें देखते ही मुस्लिम भाई उन्हें मार डालें।” सरमा ने इसे मुस्लिम तुष्टिकरण की राजनीति का हिस्सा बताया और कहा कि कांग्रेस हिंदू समाज और सनातन परंपरा को अपमानित करने पर तुली हुई है।

EC को भी भेजी जाएगी शिकायत

FIR दर्ज कराने के बाद सरमा ने कहा, 'इस शिकायत के जरिए हम प्रशासन का ध्यान आकर्षित करना चाहते हैं ताकि ऐसी नफरत भरी भाषणबाजी पर तुरंत रोक लगे। हम इस FIR को चुनाव आयोग को भी भेजेंगे और खरगे के खिलाफ कार्रवाई की मांग करेंगे।'

मनोज तिवारी ने भी बोला हमला

भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने खरगे के बयान को देशद्रोह करार दिया। उन्होंने कहा, 'कांग्रेस हार के डर से बौखलाई हुई है। उन्होंने सीधे दंगे भड़काने की अपील की है। भाजपा-RSS कार्यकर्ताओं को जहरीला सांप बताकर मारने की बात करना बेहद खतरनाक है। असम, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु और केरल के लोग कांग्रेस को माफ नहीं करेंगे। देश उन्हें सबक सिखाएगा।'

भाजपा नेता गौरव वल्लभ ने भी तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि देश की सबसे पुरानी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष का यह भाषा क्या दर्शाता है? कांग्रेस तुष्टिकरण की विचारधारा को बढ़ावा दे रही है, जिसे जनता ने पहले ही कुचल दिया है।

यह घटना असम विधानसभा चुनावों के बीच हुई है, जहां भाजपा और कांग्रेस के बीच तीखी टक्कर चल रही है। भाजपा का आरोप है कि कांग्रेस मुस्लिम वोटों के लिए हिंदुत्व विरोधी बयानबाजी कर रही है। अभी तक कांग्रेस की ओर से इस आरोप पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।

Published on:
07 Apr 2026 11:08 pm