राष्ट्रीय

असम में कांग्रेस ने अखिल गोगोई की रायजोर दल से तोड़ा गठबंधन, ‘राजनीतिक मर्यादा के उल्लंघन’ का आरोप

Assam Politics: असम में कांग्रेस ने अखिल गोगोई की रायजोर दल से गठबंधन खत्म कर दिया है। कांग्रेस ने गठबंधन नियमों के उल्लंघन, दुर्भावनापूर्ण प्रचार और विपक्षी नेताओं पर आपत्तिजनक टिप्पणियों का आरोप लगाया।
2 min read
Sep 03, 2026
Assam opposition alliance
असम में कांग्रेस ने रायजोर दल के साथ तोड़ा गठबंधन (Photo- IANS)

Assam Congress Raijor Dal Alliance: असम में कांग्रेस ने अखिल गोगोई के नेतृत्व वाली रायजोर दल के साथ गठबंधन तोड़ दिया है। कांग्रेस ने यह फैसला गठबंधन के नियमों और राजनीतिक मर्यादा के बार-बार उल्लंघन का आरोप लगाते हुए लिया है। यह निर्णय असम कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गौरव गोगोई के निर्देश पर लिया गया है। APCC के महासचिव (संगठन) रामन्ना बरुआ ने एक सर्कुलर जारी कर रायजोर दल के साथ गठबंधन समाप्त किए जाने की औपचारिक घोषणा की।

कांग्रेस ने क्या कहा?

कांग्रेस के मुताबिक, पिछले लोकसभा और विधानसभा चुनावों से पहले उसने रायजोर दल समेत कई क्षेत्रीय और वाम दलों के साथ चुनावी गठबंधन किया था। इसका उद्देश्य कथित सांप्रदायिक ताकतों के खिलाफ विपक्ष को एकजुट कर मजबूत मोर्चा तैयार करना था।

हालांकि, कांग्रेस का आरोप है कि गठबंधन के अधिकांश समय के दौरान रायजोर दल के नेतृत्व ने कांग्रेस के खिलाफ दुर्भावनापूर्ण प्रचार और नेताओं के चरित्र हनन में हिस्सा लिया। पार्टी ने इसे गठबंधन के तय नियमों और राजनीतिक शिष्टाचार का उल्लंघन बताया।

कांग्रेस ने यह भी आरोप लगाया कि रायजोर दल के नेताओं ने कई मौकों पर विपक्षी गठबंधन में शामिल अन्य दलों के नेताओं के खिलाफ बेबुनियाद, अनावश्यक और अपमानजनक टिप्पणियां कीं। कांग्रेस के मुताबिक, इस तरह के बयानों से गठबंधन की बुनियादी भावना और आपसी विश्वास को लगातार नुकसान पहुंचा।

पार्टी ने कहा कि इस तरह के आचरण को देखते हुए रायजोर दल के साथ राजनीतिक संबंध बनाए रखना अब संभव नहीं है।

BJP के खिलाफ लड़ाई जारी रखने का दावा

गठबंधन खत्म करने के बावजूद कांग्रेस ने साफ किया कि वह सार्वजनिक मुद्दों को उठाने और BJP सरकार को उसके कथित जनविरोधी फैसलों, नीतियों और कुशासन के लिए घेरने से पीछे नहीं हटेगी।

कांग्रेस का कहना है कि रायजोर दल के साथ राजनीतिक संबंध खत्म होने का उसके जनहित से जुड़े मुद्दों और BJP सरकार के खिलाफ उसके राजनीतिक संघर्ष पर कोई असर नहीं पड़ेगा।

अखिल गोगोई के बयान को लेकर पहले भी हुआ था विवाद

बता दें कि कांग्रेस का यह फैसला ऐसे समय में आया है, जब कुछ दिन पहले ही APCC ने रायजोर दल के अध्यक्ष अखिल गोगोई के कांग्रेस के खिलाफ दिए गए बयानों की सार्वजनिक रूप से आलोचना की थी। कांग्रेस ने उन्हें गठबंधन के सिद्धांतों का पालन करने की चेतावनी देते हुए ‘सरकार के एजेंट’ की तरह काम नहीं करने की नसीहत दी थी।

रविवार को एक संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में असम प्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्ष मीरा बोरठाकुर और APCC मीडिया एवं कम्युनिकेशन विभाग के अध्यक्ष बेदब्रत बोरा ने अखिल गोगोई के बयानों पर निशाना साधा था।

बेदब्रत बोरा ने कहा था कि कांग्रेस के नेता, जिनमें APCC अध्यक्ष गौरव गोगोई और पूर्व नेता प्रतिपक्ष देबब्रत सैकिया शामिल हैं, बाढ़ प्रभावित लोगों तक राहत पहुंचाने और प्रभावित परिवारों के पुनर्वास के लिए काम कर रहे हैं।

Updated on:
03 Sept 2026 03:26 pm
Published on:
03 Sept 2026 03:26 pm