
Gaurav Gogoi Loses Jorhat: असम विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। कांग्रेस के दिग्गज नेता गौरव गोगोई को करारी हार का सामना करना पड़ा है। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष और उम्मीदवार गौरव गोगोई जोरहाट विधानसभा सीट से चुनाव लड़े थे। उन्हें भाजपा के उम्मीदवार हितेंद्र नाथ गोस्वामी ने चुनाव हरा दिया है। हितेंद्र 23182 वोटों से जीत गए।
कांग्रेस के सीएम फेस माने जाने वाले गौरव गोगोई को 46257 वोट मिले है। वहीं, बीजेपी प्रत्याशी हितेंद्र नाथ को 69439 को वोट मिले। आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी प्रणब प्रियंकुश दत्ता को महज 701 वोट मिले। सोशलिस्ट यूनिटी सेंटर ऑफ इंडिया (कम्युनिस्ट) के उम्मीदवार हेमंत कुमार पेगु के खाते में 581 वोट आए है। नोटा पर 1319 लोगों ने बटन दबाए।
इन चुनावों में जोरहाट विधानसभा सीट पर सबसे दिलचस्प मुकाबला देखने की उम्मीद थी। कांग्रेस ने यहां अपने तेजतर्रार सांसद और लोकसभा में उप नेता गौरव गोगोई को मैदान में उतारा। गौरव गोगोई अपने तीखे अंदाज और संसदीय बहसों के लिए जाने जाते हैं। इस सीट पर त्रिकोणीय मुकाबला है। भारतीय जनता पार्टी ने मौजूदा विधायक हितेंद्र नाथ गोस्वामी को दोबारा टिकट दिया है, जबकि आम आदमी पार्टी (AAP) ने प्रनब प्रियांगशु दत्ता को उम्मीदवार बनाया है। इस सीट पर कुल 11 नामांकन दाखिल हुए थे, जिन्हें चुनाव आयोग ने स्वीकार कर लिया।
पिछले विधानसभा चुनाव में BJP के हितेंद्र नाथ गोस्वामी ने 68,321 वोटों के साथ जीत हासिल की थी, जबकि कांग्रेस के राना गोस्वामी को 61,833 वोट मिले थे। वोटों का अंतर काफी कम था। 2016 में BJP और 2011 व 2006 में कांग्रेस का कब्जा रहा था। कांग्रेस इस बार मजबूती से वापसी का दावा कर रही है।
गौरव गोगोई ने शपथपत्र में अपनी कुल संपत्ति 72,59,636 रुपये बताई है, जबकि उनकी पत्नी के पास 4,36,18,637 रुपये की संपत्ति है। गौरव के पास 54,700 रुपये नकद है, पत्नी के पास 27,800 रुपये। पत्नी के पास 331 सोने के जेवरात (मूल्य करीब 46 लाख), 4372 ग्राम चांदी और हीरे के जेवरात हैं। दोनों के पास दो-दो गाड़ियां हैं। गौरव गोगोई पर 2024 का एक पुलिस केस दर्ज है। दूसरी ओर, BJP उम्मीदवार हितेंद्र नाथ गोस्वामी के पास 3,50,500 रुपये नकद और पत्नी के पास 2,75,100 रुपये हैं। पत्नी के पास 10 तोला सोना है, जबकि गोस्वामी के पास कोई जेवरात नहीं है।