राष्ट्रीय

असम में बाढ़ से मरने वालों की संख्या 80 हुई, आठ जिलों में 2.12 लाख से अधिक लोग प्रभावित

असम में बाढ़ से मरने वालों की संख्या 80 हुई, 8 जिलों में 2.12 लाख से अधिक लोग प्रभावित। जानें IMD का ताजा अलर्ट...
2 min read
Jul 31, 2026
assam floods 2026 causes brahmaputra climate change explained
असम में बाढ़ से लाखों लोग प्रभावित (फोटो- Himanta Biswa Sarma एक्स पोस्ट)

Assam floods 2026: भारत के पूर्वोत्तर हिस्से असम में बाढ़ से स्थिति गंभीर बनी हुई है। अब तक 8 जिलों 2.12 लाख से अधिक लोग बाढ़ से प्रभावित हैं। बाढ़ से जुड़ी हादसों में मरने वालों का आंकड़ा बढ़कर 80 पहुंच गया है। असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अधिकारियों ने शुक्रवार को बताया कि गोलाघाट, शिवसागर, विश्वनाथ, चराइदेव, कामरूप (मेट्रो), जोरहाट, धेमाजी और नागांव जिलों में कुल 2 लाख,12 हजार, 441 लोग बाढ़ से प्रभावित हैं। इस आपदा ने 21 राजस्व मंडलों (रेवेन्यू सर्कल) में 437 गांवों को प्रभावित किया है, जबकि बाढ़ के कारण 17,198.09 हेक्टेयर फसल खराब हुई है। अधिकारियों ने कहा कि पिछले 24 घंटे में शिवसागर में दो लोगों की मौत हुई है।

राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने 21 जगहों पर खोले राहत शिविर

असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने कहा कि विस्थापित परिवारों को आश्रय देने के लिए 21 जगहों पर राहत शिविर खोले गए हैं, जबकि जिला प्रशासन प्रभावित लोगों को भोजन, पीने का पानी और अन्य जरूरी सामान उपलब्ध करा रहा है। अधिकारियों ने बताया कि शहरी इलाकों में बाढ़ का असर कामरूप मेट्रोपॉलिटन जिले के कुछ हिस्सों में बना हुआ है। अधिकारियों ने कहा कि कई नदियों में जलस्तर अभी भी ऊंचा बना हुआ है। राज्य सरकार और जिला प्रशासन बाढ़ की स्थिति पर कड़ी नजर रख रहे हैं।

इसी बीच, असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने गुरुवार रात एक सार्वजनिक एडवाइजरी जारी कर निवासियों से धनसिरी (दक्षिण) नदी से दूर रहने को कहा, क्योंकि गोलाघाट जिले के नुमालीगढ़ में इसका जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। प्राधिकरण ने जनहित एडवाइजरी में कहा कि असम के गोलाघाट जिले में नुमालीगढ़ के पास धनसिरी (दक्षिण) नदी का जलस्तर लगातार बढ़ने के कारण नागरिकों को सलाह दी जाती है कि वे नदी से दूर रहें।

IMD ने जारी किया अलर्ट

वहीं, देश भर में मानसून सक्रिय है। आज देश के कई राज्यों में मूसलाधार बारिश की चेतावनी जारी की गई है। गुजरात के सौराष्ट्र व कच्छ इलाके के लिए मौसम विभाग ने रेड अलर्ट जारी किया है। मध्य महाराष्ट्र में भी अति भारी बारिश को देखते हुए रेड अलर्ट जारी किया गया है। महाराष्ट्र के सतारा जिले में भारी बारिश के कारण दो जगह लैंडस्लाइड हुआ। इससे ढेबेवाड़ी-नवरास्ता मार्ग को बंद कर दिया गया। वहीं, पंजाब, राजस्थान, अरुणाचल, हिमाचल, बिहार व अन्य जगहों के लिए भी ऑरेंज व येलो अलर्ट जारी किया गया है।

Updated on:
31 Jul 2026 01:42 pm
Published on:
31 Jul 2026 01:42 pm