राष्ट्रीय

प्रशासन की लापरवाही ने फिर ली जान, असम में बारिश के दौरान खुले नाले में गिरने से महिला की मौत

गुवाहाटी में भारी बारिश के कारण हुए जलभराव में एक महिला खुले नाले में बह गई, जिससे उसकी मौत हो गई। प्रशासन ने बढ़ती बारिश को देखते हुए स्कूल बंद कर दिए हैं और सुरक्षा उपायों पर जोर दिया जा रहा है।

2 min read
Apr 20, 2026
नाले में गिरने से महिला की मौत (फोटो-एआई जनरेटेड)

असम के गुवाहाटी शहर में लगातार हो रही बारिश ने लोगों की दिनचर्या को बूरी तरह प्रभावित किया है। कई इलाकों में जलभराव और फ्लैश फ्लड जैसी स्थिति बन गई है। इसी बीच रविवार रात एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जिसमें एक महिला की खुले नाले में बहने से मौत हो गई। यह घटना शहर के एक जलभराव प्रभावित इलाके में हुई, जहां फुटपाथ के पास मौजूद एक खुला नाला बारिश के पानी में छिप गया था। मृतका की पहचान पायल नाथ के रूप में हुई है, जो अचानक फिसलकर नाले में गिर गईं और लापता हो गईं।

ये भी पढ़ें

बंगाल में तीन भाजपा कार्यकर्ता गिरफ्तार, तृणमूल कार्यकर्ता पर गोलीबारी से जुड़ा है मामला

नाले पर ढक्कन नहीं होने के कारण गिरी पायल

शहर के कई हिस्सों में जलभराव के कारण सड़कों और फुटपाथ का अंतर मिट गया था। ऐसे में खुले नाले नजर नहीं आ रहे थे, जिससे यह हादसा हुआ। स्थानीय लोगों के अनुसार, जिस स्थान पर पायल गिरी वहां नाले पर कोई ढक्कन नहीं था। बारिश के पानी के तेज बहाव में वह बह गईं, जिसके बाद इलाके में सनसनी मच गई। घटना के बाद आसपास के लोगों ने तुरंत प्रशासन को सूचना दी। इस तरह की लापरवाही को लेकर स्थानीय निवासियों में आक्रोश भी देखा गया, क्योंकि पहले भी खुले ड्रेनों को लेकर शिकायतें की जाती रही हैं।

चार घंटे तक चला रेसक्यू ऑपरेशन

सूचना मिलते ही गुवाहाटी सिटी पुलिस और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) की टीमें मौके पर पहुंचीं। उन्होंने तुरंत सर्च ऑपरेशन शुरू किया, जो चार घंटे से अधिक समय तक चला। शुरुआत में महिला का कोई पता नहीं चल सका, जिससे लोगों की चिंता बढ़ गई। बाद में दो स्थानीय युवकों ने घटनास्थल से लगभग 150 मीटर दूर एक खुले हिस्से में पायल को देखा। वह बेहोश अवस्था में मिलीं और तुरंत उन्हें अस्पताल ले जाया गया। हालांकि डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है।

शहर में शैक्षणिक संस्थानों को बंद करने के आदेश

भारी बारिश और फ्लैश फ्लड के कारण गुवाहाटी में जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने एहतियातन गुवाहाटी म्युनिसिपल कॉरपोरेशन (GMC) क्षेत्र के सभी सरकारी और निजी शैक्षणिक संस्थानों को बंद करने का आदेश जारी किया है। असम सरकार के आधिकारिक आदेश में कहा गया है कि गुवाहाटी शहर में 19/04/2026 को हुई भारी बारिश से उत्पन्न फ्लैश फ्लड की स्थिति को देखते हुए 20/04/2026 को GMC क्षेत्र के सभी शैक्षणिक संस्थानों को बंद घोषित किया जाता है।

Published on:
20 Apr 2026 02:30 pm
Also Read
View All