राष्ट्रीय

अनंत सिंह की बेटी की शाही शादी का आगाज, दामाद को आज तिलक में मिलेगी 3 करोड़ की कार, 25 नवंबर को जुटेंगे 4 लाख मेहमान

मोकामा के विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की भव्य शादी के कार्यक्रम आज पटना के दानापुर स्थित ओरेगानो रिसॉर्ट में तिलक समारोह के साथ शुरू हो रहे हैं। जहां दूल्हे ऋषिकेश कुमार को 3 करोड़ रुपये की लैंड रोवर डिफेंडर कार दी जाएगी। मुख्य कार्यक्रम के लिए भव्य तैयारियां चल रही हैं, जो 25 नवंबर को लदमा गांव में होगा।
3 min read
• •
Updated: 20 Nov 2026, 12:56 PM IST
Anant Singh Daughter Wedding
ओरेगानो रिसॉर्ट- यहीं होगा अनंत सिंह के होने वाले दामाद का तिलक

Anant Singh Daughter Wedding: बिहार के मोकामा से बाहुबली विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी के भव्य समारोह आज से शुरू हो रहे हैं। आज शाम पटना के दानापुर में सगुना मोड़ के पास स्थित ओरेगानो रिसॉर्ट में शुभ फलदान और तिलक समारोह का आयोजन किया जाएगा। इस मौके पर अनंत सिंह अपने होने वाले दामाद ऋषिकेश कुमार को एक लग्जरी लैंड रोवर डिफेंडर उपहार में देंगे, जिसकी कीमत लगभग 3 करोड़ रुपये है। समारोह के लिए अनंत सिंह आज दोपहर 2 बजे अपने पैतृक गांव लदमा से पटना के लिए रवाना होंगे।

वहीं, 25 नवंबर को होने वाली मुख्य शादी में चार लाख से अधिक मेहमानों के शामिल होने की उम्मीद है। इसके लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं, जिसमें एक भव्य पंडाल का निर्माण, पांच हेलीपैड का सेटअप और यहां तक ​​कि एक घुड़दौड़ का आयोजन भी शामिल है, जिसके विजेता को महिंद्रा थार इनाम में दी जाएगी। इस शादी की भव्यता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि मंडप और पंडाल को तैयार करने के लिए सैकड़ों कारीगर दिन-रात काम कर रहे हैं। मेहमानों के लिए खान-पान और मनोरंजन से लेकर वीआईपी अतिथियों की व्यवस्था तक, हर चीज के लिए खास इंतजाम किए जा रहे हैं।

आज तिलक समारोह: दामाद को मिलेगी लैंड रोवर डिफेंडर

शादी के निमंत्रण पत्र के अनुसार, अनंत सिंह के होने वाले दामाद ऋषिकेश कुमार को आज तिलक चढ़ाया जाएगा। इसके लिए वे आज अपने परिवार और हजारों लोगों के साथ दोपहर करीब 2:00 बजे अपने पैतृक गांव लदमा से निकलेंगे और शाम 4:00 बजे तक दानापुर के सगुना मोड़ स्थित ओरेगानो रिसॉर्ट पहुंचेंगे। इस मौके पर अनंत सिंह के दामाद को लगभग 3 करोड़ रुपये कीमत की लैंड रोवर डिफेंडर गिफ्ट में दी जायेगी।

अनंत सिंह के होने वाले दामाद ऋषिकेश कुमार कौन हैं?

शिवांगी सिंह की शादी पटना के बिहटा स्थित कृष्णानगर के रहने वाले ऋषिकेश कुमार से हो रही है। उनका परिवार फिलहाल पटना के रामकृष्ण नगर इलाके में रहता है। शादी से पहले ऋषिकेश ने अनंत सिंह से उनके आवास पर जाकर मुलाकात भी की। अपनी शुरुआती पढ़ाई अहमदाबाद में पूरी करने के बाद ऋषिकेश ने अमेरिका के अटलांटा स्थित जॉर्जिया स्टेट यूनिवर्सिटी से MBA की डिग्री हासिल की और फिलहाल वे अमेरिका की ही एक मल्टीनेशनल कंपनी में काम कर रहे हैं। उनकी छोटी बहन कोमल कुमारी भी अमेरिका में डॉक्टर हैं।

700 से अधिक कारीगर बना रहे हैं भव्य मंडप

लदमा गांव में शादी के लिए एक विशाल पंडाल और मंडप तैयार किया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, यह पंडाल 11 बीघे से अधिक जमीन पर बनाया जा रहा है। टेंट बनाने में माहिर कारीगरों को उत्तर प्रदेश के मऊ से बुलाया गया है, जबकि लाइटिंग का सामान पश्चिम बंगाल से मंगाया गया है।

बताया जा रहा है कि 700 से अधिक कारीगर मंडप की सजावट के काम में दिन-रात जुटे हुए हैं। शादी का मंच और मंडप देश की कुछ मशहूर ऐतिहासिक इमारतों की वास्तुकला से प्रेरित होकर डिजाइन किए जा रहे हैं। मुख्य मंच लगभग 105 फीट चौड़ा, 38 फीट लंबा और करीब 40 फीट ऊंचा होगा।

घुड़दौड़ के विजेता को मिलेगी सफेद थार

शादी के जश्न के दौरान मेहमानों के मनोरंजन के लिए एक घुड़दौड़ का भी आयोजन किया जा रहा है। इसके लिए बिहार, झारखंड, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और उत्तर प्रदेश जैसे राज्यों से घोड़े लाए जा रहे हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस प्रतियोगिता में लगभग 15 घोड़ों के हिस्सा लेने की उम्मीद है।

पटना के नदवां गांव में घुड़दौड़ के लिए कई एकड़ में फैला एक मैदान तैयार किया जा रहा है और घुड़सवारों ने पहले ही अपना अभ्यास शुरू कर दिया है। इस कार्यक्रम में अनंत सिंह के निजी अस्तबल के घोड़े भी हिस्सा लेंगे। घोड़ों और उनके मालिकों के ठहरने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। प्रतियोगिता में पहला स्थान पाने वाले घोड़े के मालिक को एक सफेद महिंद्रा थार इनाम में दी जाएगी।

200 से ज्यादा तरह के व्यंजन, 400 से ज्यादा फूड काउंटर

शादी में मेहमानों के खाने-पीने के लिए व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं। मेन्यू में 200 से ज्यादा तरह के व्यंजन शामिल किए गए हैं। खाना बनाने और सामग्री रखने के लिए लगभग तीन बीघा जमीन पर एक अलग टेंट लगाया गया है। मेहमानों को खाना परोसने के लिए 400 से ज्यादा काउंटर बनाए जाएंगे और इस काम के लिए लगभग 10,000 लोगों को तैनात किया गया है।

मेन्यू में पारंपरिक बिहारी व्यंजनों के साथ-साथ देश-विदेश के कई तरह के पकवान शामिल होंगे। इनमें लिट्टी-चोखा, मखाने की खीर, देसी घी में बने मालपुए, बालूशाही, रसगुल्ला और सिलाव का खाजा शामिल होंगे। मुख्य भोजन (मेन कोर्स) में शाही कोफ्ता, पनीर के व्यंजन, दाल मखनी, कश्मीरी पुलाव और बिरयानी होगी। इसके अलावा, चाट, गोलगप्पे, डोसा, चाउमीन, पिज़्ज़ा, पास्ता और विदेशी आइसक्रीम के काउंटर भी होंगे।

Updated on:
20 Nov 2026, 12:56 PM IST
Published on: