
Bankipur Bypoll 2026: बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर मतदान से ठीक पहले सियासी माहौल और गर्मा गया है। प्रशांत किशोर की पार्टी जन सुराज ने आरोप लगाया है कि पुलिस ने उसके करीब 20 नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया है। पार्टी का दावा है कि चुनाव से पहले सुनियोजित तरीके से उसके कार्यकर्ताओं के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। दूसरी तरफ, प्रचार से जुड़े एक कथित फर्जी और एआई जनरेटेड वीडियो के मामले में प्रशांत किशोर के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज की गई है।
जन सुराज ने बुधवार शाम जारी बयान में आरोप लगाया कि बांकीपुर क्षेत्र में सक्रिय पार्टी कार्यकर्ताओं के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। पार्टी के अनुसार, जक्कनपुर थाना पुलिस ने प्रत्युष पूर्व को गिरफ्तार किया है। वहीं, खगड़िया निवासी वरुण कुमार को पीरबहोर थाना पुलिस ने हिरासत में लिया। इसके अलावा, मोतिहारी के रहने वाले अभय शर्मा को भी जक्कनपुर थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पार्टी का आरोप है कि मतदान से पहले पुलिस-प्रशासन एकतरफा कार्रवाई कर रहा है।
जन सुराज ने यह भी दावा किया कि बिहार एसटीएफ ने भी उसके कुछ नेताओं को हिरासत में लिया है। पार्टी के मुताबिक, विकास सिंह, अमीर इम्तियाज, मनीष झा और सुदर्शन मिश्रा को भी उठाया गया है। इन घटनाओं के बाद बांकीपुर विधानसभा से जन सुराज के निर्वाचन अभिकर्ता अजय द्विवेदी ने पुलिस पर्यवेक्षक को पत्र लिखकर मामले में तत्काल हस्तक्षेप करने और निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है।
इधर, जनता दल (यूनाइटेड) की शिकायत पर जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है। आरोप है कि बांकीपुर उपचुनाव के दौरान बीजेपी उम्मीदवार के समर्थन में प्रचार से जुड़े वीडियो को फर्जी और एआई जेनरेटेड बताकर प्रसारित किया गया। जेडीयू एमएलसी नीरज कुमार की शिकायत के आधार पर पटना के शास्त्री नगर थाने में यह एफआईआर दर्ज की गई है।
पटना की बांकीपुर विधानसभा सीट पर 30 जुलाई को मतदान होना है जबकि मतगणना 3 अगस्त को होगी। यह सीट नितिन नवीन के राज्यसभा सदस्य चुने जाने के बाद खाली हुई थी। इस उपचुनाव में जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर मैदान में हैं। उनका मुकाबला बीजेपी के नीरज कुमार सिन्हा और राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) की रेखा गुप्ता से है। त्रिकोणीय मुकाबले के कारण इस सीट पर पूरे बिहार के साथ-साथ राष्ट्रीय स्तर पर भी राजनीतिक नजरें टिकी हुई हैं।