
Bengal Elections 2026: बंगाल चुनाव के परिणाम कुछ ही देर में आने शुरू हो जाएंगे। उससे पहले बंगाल की सीएम और टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी ने अपने नेताओं और कार्यकर्ताओं के लिए सन्देश जारी किया है। उन्होंने नजर बनाये रखने की बात कही है। सोशल मीडिया साइट 'X' पर उन्होंने अपनी बात शेयर की है। सीएम ने कहा है कि सभी गतिविधि पर नजर बनाये रखें।
पश्चिम बंगाल में चुनावी माहौल अब अपने सबसे अहम पड़ाव पर पहुंच चुका है। वोटिंग के बाद अब सबकी नजरें मतगणना पर टिकी हैं, जो इस बार काफी सख्त सुरक्षा व्यवस्था के बीच होने जा रही है। राज्य में 293 सीटों के लिए कुल 77 केंद्रों पर वोटों की गिनती की जाएगी। खास बात ये है कि इस बार सुरक्षा इंतजाम पहले से कहीं ज्यादा मजबूत रखे गए हैं।चुनाव से पहले का माहौल भी काफी तनावपूर्ण रहा। सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस (TMC) और मुख्य विपक्षी भाजपा (BJP) दोनों ही पार्टियों ने वोटों में गड़बड़ी की आशंका जताई है। ऐसे में प्रशासन भी किसी तरह की लापरवाही के मूड में नहीं है।
इस चुनाव में रिकॉर्ड 92.47 प्रतिशत मतदान दर्ज हुआ, जो अपने आप में एक बड़ी बात है। हालांकि, दक्षिण 24 परगना जिले की फाल्टा सीट पर चुनाव रद्द करना पड़ा। वहां गंभीर चुनावी गड़बड़ियों की शिकायतें मिली थीं, जिसके चलते अब 21 मई को दोबारा मतदान कराया जाएगा। मतगणना प्रक्रिया को पूरी तरह निष्पक्ष बनाए रखने के लिए कई स्तरों पर सुरक्षा तैनात की गई है। करीब 200 कंपनियां केंद्रीय अर्धसैनिक बलों की सिर्फ काउंटिंग सेंटर्स के लिए लगाई गई हैं। इनके अलावा राज्य पुलिस और राज्य सशस्त्र बल भी तैनात हैं। हर गतिविधि पर नजर रखने के लिए काउंटिंग हॉल के बाहर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं।
राजनीतिक तौर पर मुकाबला काफी दिलचस्प है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की अगुवाई में TMC लगातार चौथी बार सत्ता में वापसी की कोशिश कर रही है। वहीं भाजपा पूरी ताकत से चुनौती दे रही है। दूसरी ओर, वाम दल और कांग्रेस भी 2021 में मिली करारी हार के बाद फिर से जमीन तलाशने में जुटे हैं। इसके अलावा AIMIM और AJUP जैसी छोटी पार्टियां भी कुछ इलाकों में अपनी मौजूदगी दर्ज कराने की कोशिश कर रही हैं।