ग्रीन पटाखे भी नहीं रोक पाए प्रदूषण! दिवाली के बाद दिल्ली का AQI 350 पार, ITO से अक्षरधाम तक छाई धुंध
Delhi Pollution Update: दिवाली के बाद दिल्ली की हवा जहरीली हो गई है। कई इलाकों में AQI 350 पार पहुंच गया है। AIIMS डॉक्टर ने प्रदूषण के स्वास्थ्य पर गंभीर असर की चेतावनी दी है।
दिल्ली में दिवाली का जश्न खत्म हो चुका है, लेकिन इसके बाद राजधानी के लोगों को प्रदूषण से राहत नहीं मिली है। सुबह होते ही दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में धुंध और जहरीले धुएं की मोटी परत दिखाई दे रही है। आईटीओ, मंडी हाउस, सराय काले खां और अक्षरधाम में दृश्यता कम हो गई है।
दिवाली के बाद हवा की गुणवत्ता बेहद खराब हो गई है। कई इलाकों में एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) 350 के पार पहुंच गया है, जो गंभीर श्रेणी में आता है। सबसे चिंताजनक बात यह है कि पटाखों पर प्रतिबंध और ग्रीन पटाखों की अनुमति के बावजूद प्रदूषण का स्तर कम नहीं हो सका।
दिवाली के बाद दिल्ली की हवा सबसे ज्यादा खराब
इस साल दिवाली के दिन दिल्ली का औसत एक्यूआई 376 दर्ज किया गया। यह पिछले पांच वर्षों में दिवाली के दिन दर्ज किया गया सबसे खराब स्तर है। सोमवार सुबह 9 बजे के आसपास एक्यूआई करीब 370 रहा। कई इलाकों में प्रदूषण खतरनाक स्तर तक पहुंच गया।
दिल्ली टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी, बुराड़ी, रोहिणी और बवाना में प्रदूषण का स्तर काफी ज्यादा दर्ज किया गया। वहीं, कई अन्य मॉनिटरिंग स्टेशनों पर भी हवा की गुणवत्ता बेहद खराब रही।
प्रदूषण के आंकड़ों पर भी उठे सवाल
दिल्ली में प्रदूषण के साथ-साथ अब एक्यूआई के आंकड़ों को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। पर्यावरण कार्यकर्ता भवरीन कंधारी ने कहा कि राजधानी में प्रदूषण की निगरानी करने वाले सिस्टम में बड़ी कमियां सामने आई हैं।
उन्होंने कहा कि दिवाली से पहले 11 मॉनिटरिंग स्टेशनों पर PM2.5 और PM10 के जरूरी आंकड़े उपलब्ध नहीं थे। कई औद्योगिक इकाइयों के उत्सर्जन की निगरानी करने वाले सिस्टम ने नियमों के उल्लंघन का संकेत दिया है। कुछ जगहों पर आंकड़े लगातार एक जैसे दिखाई दिए, जिससे उनकी विश्वसनीयता पर सवाल खड़े होते हैं।
कंधारी ने सवाल किया कि आखिर प्रदूषण फैलाने वाली इकाइयों की निगरानी कौन कर रहा है? मॉनिटरिंग सिस्टम की जांच कौन करेगा और जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही कैसे तय होगी?
डॉक्टर बोले- ग्रीन पटाखों से भी पूरी तरह सुरक्षित नहीं हवा
इस बीच, AIIMS के पल्मोनरी मेडिसिन और स्लीप डिसऑर्डर विभाग के प्रोफेसर डॉ विजय हड्डा ने प्रदूषण के स्वास्थ्य पर पड़ने वाले असर को लेकर गंभीर चिंता जताई है।
उन्होंने कहा कि ग्रीन पटाखे पारंपरिक पटाखों के मुकाबले उत्सर्जन में केवल 30 फीसदी तक कमी करते हैं। बाकी करीब 70 फीसदी प्रदूषण बना रहता है। ऐसे में सिर्फ ग्रीन पटाखों को अनुमति देने से समस्या खत्म नहीं होगी।
डॉ. हड्डा ने कहा कि दिल्ली की हवा में मौजूद जहरीले कण लगातार सांस के साथ शरीर में पहुंच रहे हैं। उनके पास कई ऐसे लोग भी पहुंचे हैं, जिन्हें गले में जलन और कुछ फंसे होने जैसा महसूस हो रहा है। कुछ स्वस्थ डॉक्टरों ने भी ऐसी परेशानी की शिकायत की है। उन्होंने कहा कि लोग इस जहरीली हवा में सांस ले रहे हैं और इसका असर आने वाले समय में और साफ दिखाई दे सकता है।
10 नवंबर को भी राहत की उम्मीद कम
वहीं, भारतीय मौसम विज्ञान के पूर्वानुमान के मुताबिक, 10 और 11 नवंबर को भी दिल्ली की हवा बेहद खराब श्रेणी में रह सकती है। हालांकि, इस दौरान एक्यूआई कितना तक पहुंचेगा, इसकी जानकारी नहीं दी