9 नवंबर 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

महात्मा गांधी की यादों से जुड़ी PMCH की ऐतिहासिक इमारत पर खतरा, INTACH ने PM मोदी और प्रशांत किशोर से लगाई बचाने की गुहार

पटना PMCH की ऐतिहासिक बांकीपुर जनरल अस्पताल इमारत पर बुलडोजर का खतरा है। महात्मा गांधी से जुड़ी इस विरासत को बचाने के लिए INTACH ने पीएम मोदी और प्रशांत किशोर से अपील की है।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

भारत

•

image

Mukul Kumar

•

Updated: 9 Nov 2026, 8:21 PM IST

PMCH News

पटना मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (पीएमसीएच)। (फोटो सोर्स- WIKIPEDIA)

बिहार की राजधानी पटना में एक ऐसी ऐतिहासिक इमारत को तोड़ने की तैयारी है, जिसका रिश्ता महात्मा गांधी और देश के आजादी के दौर से जुड़ा है।

पटना मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (पीएमसीएच) परिसर में मौजूद पुराने बांकीपुर जनरल अस्पताल की बची हुई इमारत पर भी अब बुलडोजर चलने का खतरा मंडरा रहा है।

कोलकाता की संस्था ने बचाने की लगाई गुहार

इस इमारत को बचाने के लिए कोलकाता की संस्था इंडियन नेशनल ट्रस्ट फॉर आर्ट एंड कल्चरल हेरिटेज (आईएनटीएसीएच) ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, पीएमसीएच प्रशासन और बिहार के अधिकारियों से अपील की है। संस्था ने इस मामले में प्रशांत किशोर से भी हस्तक्षेप करने की गुहार लगाई है।

आईएनटीएसीएच का कहना है कि यह इमारत केवल पुराना अस्पताल भवन नहीं है, बल्कि बिहार, अविभाजित बंगाल और महात्मा गांधी से जुड़ी साझा ऐतिहासिक विरासत का हिस्सा है। गांधी जी मई 1947 में इस अस्पताल परिसर आए थे। ऐसे में इस इमारत को पूरी तरह खत्म करना इतिहास की एक अहम निशानी को मिटाने जैसा होगा।

दो हिस्सों में टूट चुकी है ऐतिहासिक इमारत

पीएमसीएच में इन दिनों बड़े स्तर पर पुनर्विकास का काम चल रहा है। इसी परियोजना के तहत पुराने बांकीपुर जनरल अस्पताल की इमारत को हटाया जा रहा है। सितंबर की शुरुआत में बुलडोजर से इमारत के उत्तरी हिस्से को गिरा दिया गया था। इस हिस्से में ऐतिहासिक हथवा वार्ड हुआ करता था।

इसके बाद हाल ही में दक्षिणी हिस्से को भी तोड़ दिया गया। यहां पहले पुराना गुजरी वार्ड था। लगातार हुई तोड़फोड़ के बाद अब इस ऐतिहासिक इमारत का ज्यादातर हिस्सा खत्म हो चुका है। फिलहाल इसका सामने वाला मुख्य हिस्सा ही बचा है।

अंग्रेजों के जमाने की लिफ्ट और शानदार खंभे भी खतरे में

इस इमारत की खास पहचान इसकी वास्तुकला है। सामने की तरफ दो मंजिल तक ऊंचे सुंदर डोरिक शैली के खंभे बने हुए हैं। इमारत के पूर्वी और दक्षिणी हिस्से में मौजूद ये खंभे ब्रिटिश दौर की वास्तुकला की झलक दिखाते हैं।

इसके अलावा दोनों विंग के बीच पुरानी सीढ़ियों वाला लॉबी क्षेत्र और अंग्रेजों के जमाने की एक लिफ्ट भी मौजूद है। हालांकि यह लिफ्ट अब इस्तेमाल में नहीं है, लेकिन ऐतिहासिक लिहाज से इसकी अपनी अहमियत है।

कोलकाता की संस्था को आशंका है कि पीएमसीएच के पुनर्विकास प्रोजेक्ट के तहत इमारत के इस बचे हुए हिस्से को भी जल्द गिराया जा सकता है। अगर ऐसा हुआ तो अस्पताल की पुरानी वास्तुकला और गांधी जी से जुड़ी एक अहम ऐतिहासिक निशानी पूरी तरह खत्म हो जाएगी।