राष्ट्रीय

बेंगलुरु मर्डर केस: आरोपी श्वेता ने कोर्ट में कबूलनामा देने की जताई इच्छा, जानिए क्या है हत्या का पूरा मामला

Bengaluru Triple Murder Case: बेंगलुरु के केआर पुरम ट्रिपल मर्डर केस में आरोपी श्वेता सोमसुंदर ने अदालत में अपना जुर्म कबूल करने की इच्छा जताई है।
3 min read
Jul 10, 2026
Bengaluru Murder csae
बेंगलुरु मर्डर केस में नया मोड़ (Patrika Graphics)

Bengaluru Family Murder Case: बेंगलुरु के केआर पुरम में हुए परिवार हत्याकांड में नया मोड़ सामने आया है। माता-पिता और छोटी बहन की हत्या के आरोप में गिरफ्तार 25 साल श्वेता सोमसुंदर ने अदालत में अपना अपराध स्वीकार करने की इच्छा जताई है। हालांकि, कानूनी प्रक्रिया के तहत उसका न्यायिक कबूलनामा दूसरे मजिस्ट्रेट के सामने दर्ज किया जाएगा।

दूसरे मजिस्ट्रेट में होगा कबूलनामा दर्ज

अदालत ने श्वेता से पूछा कि क्या वह कबूलनामे के कानूनी प्रभाव और परिणामों को समझती है। इस पर श्वेता ने कहा कि वह इसके बारे में पूरी तरह जानती है और वह अपना बयान दर्ज कराना चाहती है। हालांकि, अदालत ने साफ किया कि मौजूदा मजिस्ट्रेट के सामने उसका न्यायिक बयान दर्ज नहीं किया जा सकता। भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 183 के तहत कबूलनामा किसी दूसरे मजिस्ट्रेट के सामने दर्ज किया जाएगा।

कोर्ट ने प्रक्रिया को पूरा करने का दिया निर्देश

कोर्ट ने श्वेता के आवेदन को रिकॉर्ड में लेते हुए जांच अधिकारी के माध्यम से आगे की प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश दिया। इसके बाद अदालत ने आरोपी श्वेता सोमसुंदर को 15 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया। श्वेता ने अदालत में यह भी कहा कि वह पुलिस के सामने पहले ही अपराध स्वीकार कर चुकी है और अब न्यायिक प्रक्रिया के तहत अपना बयान दर्ज कराना चाहती है।

माता-पिता और बहन की हत्या का आरोप

इस मामले में श्वेता सोमसुंदर के साथ उसके लिव-इन पार्टनर केनेथ (25) को भी आरोपी बनाया गया है। दोनों पर श्वेता के माता-पिता मुथुलक्ष्मी एस और सोमसुंदर तथा उसकी छोटी बहन सुप्रिया की हत्या का आरोप है। पुलिस के अनुसार, यह घटना बेंगलुरु के केआर पुरम स्थित साई ग्रीन अपार्टमेंट में हुई थी, जहां श्वेता और केनेथ कथित तौर पर साथ रहते थे। केनेथ को गुरुवार को अदालत में पेश नहीं किया गया क्योंकि उसकी पुलिस हिरासत 3 जुलाई तक बढ़ाई गई थी। जांच एजेंसियां उससे पूछताछ के अलावा अन्य वैज्ञानिक जांच प्रक्रियाओं के जरिए मामले की जानकारी जुटा रही हैं।

हत्या से पहले मां से नाराज थी श्वेता

जांच के दौरान पुलिस को कथित तौर पर पता चला है कि श्वेता अपनी मां मुथुलक्ष्मी से नाराज थी। पुलिस सूत्रों के अनुसार, श्वेता ने अपनी मां पर कंट्रोल करने का आरोप लगाया था। जांच एजेंसियां करीब 30 लाख रुपये के कर्ज और आर्थिक दबाव के एंगल से भी मामले की जांच कर रही हैं। पुलिस का दावा है कि यह कर्ज कथित तौर पर केनेथ की लाइफस्टाइल से जुड़ा हुआ था। पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि श्वेता और केनेथ ने कथित रूप से पहले योजना बनाई और फिर मुथुलक्ष्मी को फ्लैट पर बुलाया। इसके बाद जब सोमसुंदर और सुप्रिया उन्हें तलाशते हुए वहां पहुंचे, तो उन पर भी हमला किया गया। हालांकि, मामले की पूरी सच्चाई जांच और अदालत की कार्यवाही के बाद ही स्पष्ट होगी।

पिता का मौत से पहले का बयान बना अहम सबूत

पुलिस जांच में श्वेता के पिता सोमसुंदर की मृत्यु से पहले का बयान मामले के लिए एक जरुरी सबूत माना जा रहा है। एफआईआर के अनुसार, 22 जून की रात करीब 9 बजे सोमसुंदर को साई ग्रीन अपार्टमेंट की सीढ़ियों पर गंभीर रूप से घायल अवस्था में पाया गया था। उनके शरीर पर चाकू के कई घाव थे। पुलिस का कहना है कि अस्पताल ले जाने से पहले सोमसुंदर ने कथित तौर पर बताया था कि श्वेता और केनेथ ने उन पर हमला किया है। उन्होंने अपनी पत्नी और छोटी बेटी को बचाने की गुहार भी लगाई थी। बाद में अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

डिजिटल सबूतों की जांच में जुटी पुलिस

बेंगलुरु पुलिस इस मामले में डिजिटल सबूतों की भी जांच कर रही है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, जांचकर्ताओं को ऐसे संकेत मिले हैं कि केनेथ ने कथित तौर पर हत्या से जुड़े तरीकों की जानकारी जुटाने के लिए इंटरनेट सर्च और एआई टूल्स का इस्तेमाल किया था। पुलिस ने ऑनलाइन प्लेटफॉर्म डिजिटल गतिविधियों से जुड़े रिकॉर्ड मांगे हैं। इसके अलावा श्वेता और केनेथ के बीच हुए ईमेल और अन्य ऑनलाइन कम्युनिकेशन की भी जांच की जा रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि क्या डिजिटल रिकॉर्ड कथित साजिश और हत्या के कारणों को समझने में मदद कर सकते हैं।

संपत्ति विवाद और कर्ज की भी जांच

पुलिस आर्थिक कारणों को भी जांच का अहम हिस्सा मान रही है। जांचकर्ताओं के अनुसार, श्वेता और केनेथ पर करीब 30 लाख रुपये का कर्ज होने की बात सामने आई है। इसके अलावा परिवार की संपत्ति में हिस्सेदारी को लेकर विवाद की संभावना की भी जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि क्या आर्थिक तनाव और संपत्ति विवाद इस घटना के पीछे कोई वजह हो सकते हैं।

पुडुचेरी से गिरफ्तार हुई थी श्वेता

पुलिस के अनुसार, घटना के दो दिन बाद 24 जून को श्वेता सोमसुंदर को पुडुचेरी से गिरफ्तार किया गया था। वहीं, केनेथ को 26 जून को हिरासत में लिया गया।फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच जारी है।

Updated on:
10 Jul 2026 02:18 pm
Published on:
10 Jul 2026 02:18 pm