26 अगस्त 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

कैलाश मानसरोवर से लौट रहे 77 तीर्थयात्री बाढ़ में लापता, सद्गुरु बोले- ‘बचाव के लिए हरसंभव कोशिश जारी है’

नेपाल-तिब्बत सीमा पर बाढ़ में कैलाश मानसरोवर से लौट रहे 77 तीर्थयात्री लापता हैं। सद्गुरु ने कहा कि बचाव के लिए हरसंभव कोशिश जारी है।
2 min read
Google source verification

भारत

image

Rahul Yadav

Aug 26, 2026

Kailash Mansarovar Pilgrims, Sadhguru, Nepal Tibet Flash Flood, Kailash Yatra, Sadhguru Isha Foundation, 77 Pilgrims Missing, Tibet Flash Flood, Gyirong Flood, Nepal Flood,

सद्गुरु (फाइल फोटो - आईएएनएस)

Nepal Flood: नेपाल-तिब्बत सीमा पर आई आकस्मिक बाढ़ में कैलाश मानसरोवर यात्रा से लौट रहे 77 तीर्थयात्री लापता हो गए हैं। ये सभी तिब्बत के ग्यिरोंग इलाके में स्थित इमिग्रेशन सेंटर में मौजूद थे। बाढ़ आने के वक्त तीर्थयात्री इमिग्रेशन सेंटर पर रुके हुए थे। अचानक आई बाढ़ से इमारत और आसपास का बड़ा हिस्सा पानी में डूब गया।

सद्गुरु बोले- मैं खुद इलाके में मौजूद हूं

ईशा फाउंडेशन के संस्थापक और आध्यात्मिक गुरु सद्गुरु जग्गी वासुदेव ने बुधवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इस घटना की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि ग्यिरोंग में भयानक आकस्मिक बाढ़ आई है। उनकी कैलाश यात्रा पर गया एक समूह इसकी चपेट में आ गया। सद्गुरु ने बताया कि तीर्थयात्री वापस लौटते समय इमिग्रेशन ऑफिस में थे। उसी दौरान बाढ़ आई और इमारत के साथ-साथ शहर का बड़ा हिस्सा भी पानी में डूब गया।

77 लोगों के बारे में आधिकारिक जानकारी नहीं

सद्गुरु ने कहा कि इमिग्रेशन सेंटर में मौजूद लोगों के बारे में अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी नहीं मिली है। स्वयंसेवक और सपोर्ट टीमें बचाव अभियान में मदद करने के लिए अधिकारियों के संपर्क में हैं। उन्होंने कहा कि उनकी टीमें प्रभावित इलाके तक पहुंचने और बचाव कार्य में शामिल होने के लिए तैयार हैं। सद्गुरु ने यह भी बताया कि वह खुद इलाके में मौजूद हैं ताकि हालात में जो भी संभव हो, वह किया जा सके।

21 समूहों में 495 लोग सुरक्षित लौटे

सद्गुरु ने कैलाश मानसरोवर यात्रा में शामिल अपने 21 समूहों की स्थिति की जानकारी भी दी। उनके मुताबिक, 495 लोग सुरक्षित लौट चुके हैं। उन्होंने बताया कि 743 लोग अभी तिब्बत में हैं, जबकि 148 लोग नेपाल में हैं। इसके अलावा 77 लोग इमिग्रेशन सेंटर में थे और नेपाल के तिमुरे में तीन स्वयंसेवक मौजूद थे।

नेपाल-तिब्बत सीमा पर भारी तबाही

आकस्मिक बाढ़ ने नेपाल के रसुवा जिले और तिब्बत के ग्यिरोंग इलाके में भारी तबाही मचाई है। नेपाल में भोटे कोशी नदी में अचानक आई बाढ़ के बाद कई गांवों और बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचा है। इलाके में कई लोगों के मारे जाने और बड़ी संख्या में लोगों के लापता होने की आशंका है। प्रशासन ने भोटे कोशी नदी के किनारे रहने वाले लोगों को सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी है।

बचाव अभियान में पुलिस और सेना की टीमें

नेपाल में राहत और बचाव अभियान के लिए पुलिस और सेना की टीमें तैनात की गई हैं। प्रभावित इलाकों में फंसे लोगों को निकालने और नुकसान का आकलन करने का काम जारी है। तिब्बत के ग्यिरोंग पोर्ट इलाके में भी बाढ़ और भूस्खलन के कारण सड़क, संचार और बिजली सेवाएं प्रभावित हुई हैं। चीन की ओर से भी लापता लोगों की तलाश के लिए बचाव अभियान चलाया जा रहा है।

परिवारों से बोले सद्गुरु- हम पूरी कोशिश कर रहे हैं

सद्गुरु ने प्रभावित तीर्थयात्रियों के परिवारों के प्रति संवेदना जताई है। उन्होंने कहा कि वह परिवारों के दर्द को समझते हैं और बचाव के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि स्वयंसेवक और सपोर्ट टीमें अधिकारियों के साथ मिलकर प्रभावित लोगों तक पहुंचने की कोशिश कर रही हैं। फिलहाल 77 तीर्थयात्रियों के बारे में आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।