राष्ट्रीय

बहस के बाद शख्स को SUV के बोनट पर लटकाकर दौड़ाई गाड़ी, वीडियो देख रह जाएंगे दंग

बेंगलुरु में SUV चालक ने व्यक्ति को बोनट पर लटकाकर दौड़ाया, हत्या की कोशिश का मामला दर्ज किया गया है।

2 min read
Feb 12, 2026

कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु से रोड रेज का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक स्पोर्ट्स यूटिलिटी व्हीकल (SUV) चालक ने मामूली बहस के बाद एक व्यक्ति को अपनी गाड़ी के बोनट पर लटकाकर कई किलोमीटर तक कार दौड़ा दी। इस सनसनीखेज घटना के बाद पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है। पीड़ित की पहचान 36 वर्षीय नंजुंदा के रूप में हुई है, जो पेशे से ड्राइवर और फूलों के व्यापारी हैं।

क्या है पूरा मामला?

शिकायत के अनुसार, बुधवार को नंजुंदा अपने भांजे मनोज के साथ होसाकोटे से फूल खरीदकर लौट रहे थे। उस समय कार मनोज चला रहे थे और नंजुंदा आगे वाली सीट पर बैठे थे। ट्रिनिटी जंक्शन पार करने के बाद जब वे जनरल के.एस. थिमैया सर्कल की ओर मुड़ रहे थे, तभी पीछे से आ रही एक कार का चालक लगातार हॉर्न बजाने लगा। नंजुंदा ने इशारे से बताया कि वे दाईं ओर मुड़ रहे हैं और अनावश्यक हॉर्न न बजाएं। बताया जा रहा है कि इस बात से नाराज होकर कार चालक ने अपनी गाड़ी उनके बराबर लाकर अपशब्द कहे और फिर आगे निकल गया।

सिग्नल पर बढ़ा विवाद

एचएएल एयरपोर्ट रोड के सिग्नल पर जब आरोपी की कार रुकी, तो नंजुंदा अपनी गाड़ी से उतरकर उसके पास पहुंचे और गाली देने का कारण पूछा। आरोप है कि तभी चालक ने अचानक कार आगे बढ़ाने की कोशिश की, जबकि नंजुंदा गाड़ी के सामने खड़े थे। अपनी जान बचाने के लिए नंजुंदा कार के बोनट पर कूद गए और विंडशील्ड वाइपर पकड़ लिया। इसके बावजूद आरोपी ने गाड़ी नहीं रोकी और उन्हें बोनट पर लटकाए हुए ही एएससी सेंटर कॉलेज की दिशा में तेज रफ्तार से कार दौड़ाता रहा।

देखें वीडियो

ऐसे बची पीड़ित की जान

रास्ते में मौजूद लोगों ने जब यह खौफनाक दृश्य देखा तो उन्होंने चालक को रुकने के लिए आवाज लगाई, लेकिन उसने किसी की नहीं सुनी। आखिरकार अन्य वाहनों और एक कैब चालक ने आगे आकर रास्ता रोक दिया, जिसके बाद आरोपी को मजबूरन गाड़ी रोकनी पड़ी। गाड़ी रुकते ही स्थानीय लोगों ने चालक को पकड़ लिया और जमकर फटकार लगाई। आरोपी की पहचान सुरेश के रूप में हुई है।

पुलिस ने दर्ज किया हत्या के प्रयास का केस

हलासुरु पुलिस ने सुरेश के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109(1) (हत्या का प्रयास) और धारा 352 (शांति भंग करने के उद्देश्य से अपमान) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, घटना की जांच जारी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

Published on:
12 Feb 2026 06:16 pm
Also Read
View All

अगली खबर