राष्ट्रीय

महिला ब्लैकमेलर गैंग: भोपाल से चार युवतियां गिरफ्तार एमपी, राजस्थान, छत्तीसगढ़ से भी वसूली

भोपाल में फर्जी कॉल सेंटर चलाकर 8 राज्यों के सरपंचों से पत्रकार बनकर वसूली करने वाली चार युवतियां गिरफ्तार, 12000 नंबर और 35 महिलाओं का गैंग बेनकाब।
2 min read
• •
Updated: 18 Nov 2026, 7:15 AM IST
Arrest
गिरफ्तार (प्रतिकात्मक तस्वीर- AI)

मध्यप्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़ समेत आठ राज्य, 12000 सरपंचों व ग्रामसेवकों के फोन नंबर और 35 महिलाओं का गैंग…भोपाल से बाकायदा कॉलसेंटर संचालित कर मीडिया के नाम पर एक के बाद एक सरपंच को फोन कर धमकी और पैसा वसूली। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को बीते आठ नवंबर को नागपुर के लोहरी सवांगा दौरे के दौरान कुछ सरपंचों ने वसूली और धमकियों की शिकायत की थी। इसके बाद पुलिस ने जांच की तो इस ठगी रैकेट व कॉल सेंटर का भंडाफोड़ हुआ।

एमपी और महाराष्ट्र पुलिस ने की कार्रवाई

महाराष्ट्र व मध्यप्रदेश पुलिस ने मंगलवार सुबह संयुक्त कार्रवाई में हर्षवर्धन नगर में चल रहे इस अवैध कॉल सेंटर की मास्टरमाइंड दो सगी बहनों समेत चार युवतियों को गिरफ्तार किया गया है। नागपुर जिले की महिला सरपंच ने नरखेड थाने में एफआइआर भी दर्ज करवाई थी। मुख्य आरोपी मोनिका लाल सिंह सूर्यवंशी (28) व नेहा राजगढ़ तथा अक्षरा व कोमल भोपाल निवासी हैं। चारों को महाराष्ट्र पुलिस ट्रांजिट रिमांड पर नागपुर ले गई।

मुख्य आरोपी मोनिका सूर्यवंशी चला रही थी फर्जी कॉल सेंटर

पुलिस जांच में पता चला कि मुख्य आरोपी मोनिका सूर्यवंशी बीते पांच वर्ष से हर्षवर्धन नगर, निशातपुरा व एमपी-1 नगर में कॉल सेंटर चला रही थी। इनमें 34 युवतियों को नौकरी पर रखा था जिन्हें 6000 से 10000 रुपए तक मासिक वेतन दिया जाता है। उन्हें विभिन्न राज्यों की भाषाओं और बोलियों की ट्रेनिंग दी गई थी। ये युवतियां महापंचायत नामक पोर्टल से सरपंचों और पंचायत प्रतिनिधियों के नंबर निकालकर फोन करती थीं। उनके पास आठ राज्यों के 12000 सरपंचों व ग्राम सेवकों के फोन नंबर मिले हैं।

विज्ञापन के नाम पर मांगे जाते थे पैसे

ठगी का यह खेल शातिर तरीके से चल रहा था। स्वतंत्रता दिवस या त्योहारों के नाम पर विज्ञापन का नमूना भेजकर 3,000 रुपए मांगे जाते थे। पैसे देने से इनकार करने पर आरोपी युवतियां खुद को पत्रकार बताकर पंचायतों में भ्रष्टाचार उजागर करने और मीडिया में बदनामी की धमकी देती थीं। पुलिस की छापेमारी के दौरान आरोपियों के पास से आठ राज्यों के कॉलिंग रजिस्टर और हिसाब-किताब की डायरी बरामद हुई है।

ठगी की रकम का आंकलन, चार खाते सीज

नागपुर ग्रामीण के एसपी हर्ष पोद्दार ने बताया कि यह पता लगाया जा रहा है कि गैंग ने कुल कितनी रकम एकत्र की। चार बैंक खाते सीज किए गए हैं और बैंक से स्टेटमैंट मांगा गया है।

Updated on:
18 Nov 2026, 7:15 AM IST
Published on: