राष्ट्रीय

बांकीपुर से बीजेपी उम्मीदवार बनते ही नीरज सिन्हा का पहला बयान, बोले- कोई चुनौती नहीं है

बिहार विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी ने बांकीपुर सीट से नीरज सिन्हा को उम्मीदवार बनाया है। टिकट मिलने के बाद उन्होंने पहला बयान देते हुए कहा कि उन्हें कोई चुनौती नहीं दिखती और वह पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर चुनाव लड़ेंगे।
2 min read
Jul 10, 2026
Bankipur Seat
बांकीपुर से भाजपा उम्मीदवार नीरज सिन्हा। (फोटो- ANI)

Bihar Bankipur Bypoll: बिहार विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा ने पटना की बांकीपुर सीट से नीरज सिन्हा को उम्मीदवार बनाया है। टिकट मिलने के बाद नीरज सिन्हा की पहली प्रतिक्रिया सामने आई है।

उन्होंने कहा कि उन्हें पार्टी नेतृत्व ने बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है और वह उस भरोसे पर खरा उतरने की पूरी कोशिश करेंगे। उन्होंने कहा कि चुनाव में उन्हें कोई चुनौती नहीं दिखती, सभी वरिष्ठ नेता उनके बड़े भाई जैसे हैं और पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर वह चुनाव लड़ेंगे।

कैसे बदला बीजेपी का उम्मीदवार?

बांकीपुर सीट से पहले अभिषेक कुमार सिन्हा बंटी बीजेपी के उम्मीदवार थे। उन्होंने गुरुवार को अपना नामांकन भी दाखिल कर दिया था। उनके समर्थन में एनडीए की बड़ी रैली हुई, जिसमें मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी समेत कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए।

लेकिन शुक्रवार शाम को अभिषेक बंटी ने पारिवारिक कारणों का हवाला देते हुए नामांकन वापस लेने का ऐलान कर दिया। इसके बाद बीजेपी ने बिना देर किए नीरज सिन्हा को नया उम्मीदवार घोषित कर दिया।

बूथ कार्यकर्ता से विधानसभा उम्मीदवार तक का सफर

नीरज सिन्हा पटना के रहने वाले हैं। उन्होंने संगठन में सबसे निचले स्तर से काम शुरू किया और लंबे समय तक बूथ स्तर पर पार्टी के लिए काम किया। वह बूथ अध्यक्ष, मंडल मंत्री और भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष जैसे पदों की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं।

उपचुनाव की तैयारियों के दौरान भी वह अन्य कार्यकर्ताओं के साथ प्रचार अभियान में जुटे थे। इसी बीच पार्टी ने उनके नाम का ऐलान कर दिया, जिससे वह सीधे विधानसभा चुनाव के उम्मीदवार बन गए।

बांकीपुर सीट क्यों है खास?

पटना शहर की बांकीपुर विधानसभा सीट बीजेपी का मजबूत गढ़ मानी जाती है। यहां से पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन लगातार पांच बार विधायक रहे हैं। उनसे पहले उनके पिता दिवंगत नवीन किशोर प्रसाद सिन्हा भी चार बार इस सीट का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। नितिन नवीन के राज्यसभा जाने के बाद यह सीट खाली हुई, जिसके कारण यहां उपचुनाव कराया जा रहा है। इस बार बीजेपी ने अनुभवी नेता की जगह एक युवा संगठन कार्यकर्ता को मौका देकर साफ संकेत दिया है कि पार्टी नए चेहरों पर भी भरोसा जता रही है।

30 जुलाई को मतदान, 3 अगस्त को नतीजे

बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए 30 जुलाई को मतदान होगा। मतगणना 3 अगस्त को होगी, जबकि नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 13 जुलाई तय की गई है। नीरज सिन्हा पहली बार विधानसभा चुनाव लड़ रहे है।

Updated on:
10 Jul 2026 08:33 pm
Published on:
10 Jul 2026 07:32 pm