राष्ट्रीय

चिराग पासवान खुद को कर रहे CM कैंडिडेट प्रोजेक्ट, क्या नीतीश कुमार के नौंवी बार मुख्यमंत्री बनने का सपना रह जाएगा अधूरा

Bihar Politics: चिराग पासवान ने अपना सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स हैंडल का नाम भी बदल लिया है। चिराग पासवान ने एक्स हैंडल का नाम ‘युवा बिहार चिराग पासवान’ कर लिया है।
3 min read
• •
Updated: 22 May 2025, 7:00 PM IST
Feature image
CM नीतीश कुमार और चिराग पासवान (Photo X Account @pasavana6741)

Bihar Election: बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर सरगर्मियां तेज हो गई है। राजनीतिक दलों ने अपनी-अपनी तैयारी तेज कर दी। इसी बीच केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान के बयान के बाद सियासी गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई है। बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा कि बिहार मुझे पुकार रहा है। चिराग पासवान के इस बयान के बाद तमाम तरह की अटकले लगाई जा रही है। इसके अलावा राजधानी पटना में हाल ही में चिराग पासवान के समर्थन में पोस्टर भी लगे थे।  बता दें कि नीतीश कुमार अब तक आठ बार सीएम बन चुके हैं।

क्या बोले चिराग पासवान 

केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा कि बतौर सांसद मेरा यह तीसरा कार्यकाल है, लेकिन बिहार मेरी हमेशा से प्राथमिकता रही है। अगर पार्टी कहेगी तो मैं विधानसभा चुनाव लडूंगा। उन्होंने आगे कहा कि मेरा सपना है कि बिहार के युवाओं को अपना प्रदेश छोड़कर बाहर ना जाना पड़े। मुझे बिहार में ही रहकर काम करना चाहिए। मेरी पार्टी और मैंने यह इच्छा जताई है कि मैं विधानसभा चुनाव लड़ना चाहता हूं।

225 से ज्यादा सीटें जीतने का रखा लक्ष्य

चिराग पासवान ने कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव में हमने 225 से ज्यादा सीटें जीतने का लक्ष्य रखा है। मुझे विश्वास है कि इस बार एनडीए बहुत मजबूत है। विपक्ष एनडीए गठबंधन में दरार डालने की कोशिश कर रहा है लेकिन वह सफल नहीं होगा।

X हैंडल का बदला नाम

केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने अपना सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स हैंडल का नाम भी बदल लिया है। चिराग पासवान ने एक्स हैंडल का नाम ‘युवा बिहार चिराग पासवान’ कर लिया है। एक्स हैंडल के नाम बदलने को लेकर सियासी गलियारों में चर्चा तेज हो गई है।

राजनीतिक मामलों के जानकार ओम प्रकाश अश्क के मुताबिक चिराग पासवान कह चुके हैं कि बिहार एनडीए में सीएम पद की वैकेंसी नहीं है। हालांकि उनकी पार्टी के उत्साही कार्यकर्ता पोस्टर लगा कर उनकी ताजपोशी का इंतजार कर रहे हैं। चिराग ने खुद इस अटकल को हवा दी है। वे कहते रहे हैं कि बिहार की राजनीति में उतरने की उनकी दिली इच्छा है। वे विधानसभा चुनाव लड़ने का संकेत भी देते रहे हैं। उनके इस तरह के बयान और पार्टी कार्यकारिणी द्वारा पारित प्रस्ताव से कयास लगाए जा रहे हैं कि वे बिहार में सीएम पद के दावेदार हो सकते हैं। वैसे उनकी यह कवायद सीटों की बारगेनिंग की अधिक लगती है। वे 30 सीटें चाहते हैं, जबकि उन्हें 10-15 सीटों से ज्यादा मिलने की संभावना नहीं है।

जीजा अरुण भारती ने किया था चिराग का समर्थन

बता दें कि इससे पहले चिराग पासवान के जीजा और जमुई के सांसद अरुण भारती ने कहा था कि चिराग पासवान बिहार के लिए एक ऊर्जावान और दूरदर्शी नेता हैं, और राज्य को उनकी जरूरत है। उन्होंने यह बयान नीतीश कुमार के साथ चिराग की मुलाकात के बाद दिया था। अरुण भारती ने संकेत दिया कि चिराग का भविष्य बिहार की राजनीति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने का है, जिससे सियासी गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं।

नीतीश के स्वास्थ्य को लेकर उठ रहे सवाल 

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के स्वास्थ्य को लेकर पिछले दिनों विपक्ष ने सवाल उठाए थे। तेजस्वी यादव और प्रशांत किशोर जैसे नेताओं ने दावा किया था कि नीतीश अब मुख्यमंत्री पद के लिए उपयुक्त नहीं हैं और उनकी सेहत पर मेडिकल बुलेटिन जारी करने की मांग की थी। 

JDU और NDA नेताओं ने दावे को किया खारिज

वहीं, जेडीयू और एनडीए के नेताओं ने इन दावों का खंडन किया। जेडीयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा और डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने कहा  कि नीतीश पूरी तरह स्वस्थ हैं और 2025 के विधानसभा चुनाव में एनडीए का चेहरा बने रहेंगे। नीतीश के बेटे निशांत ने भी दावा किया कि उनके पिता पूरी तरह फिट हैं और अगले पांच साल तक मुख्यमंत्री के रूप में काम कर सकते हैं।

Updated on:
22 May 2025, 7:00 PM IST
Published on: