
Bihar Elections: बिहार में अगले महीने होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए महागठनबंधन ने गुरुवार को मुख्यमंत्री चेहरे का ऐलान कर दिया है। महागठबंधन के अनुसार, आरजेडी नेता तेजस्वी यादव सीएम फेस होंगे। वहीं, मुकेश सहनी को उपमुख्यमंत्री चेहरा घोषित किया है। तेजस्वी यादव को सीएम फेस बनाए जाने के बाद बीजेपी, जन सुराज पार्टी सहित कई पार्टियों के नेताओं ने अपनी अपनी प्रतिक्रिया दी है।
महागठबंधन के सीएम फेस पर चुनावी रणनीतिकार और जन सुराज पार्टी के सूत्रधार प्रशांत किशोर की प्रतिक्रिया आई है। सीवान में मीडिया से बात करते हुए प्रशांत किशोर ने कहा कि सत्ता जब जाने लगती है तो आदमी कुछ भी कहने को तैयार हो जाता है। एक नहीं पांच डिप्टी सीएम बना दो उससे कुछ नहीं होने वाला है। ये कोई नई घोषणा नहीं है। पीके ने आगे कहा कि पहले से मालूम है कि लालू जी का जंगलराज अगर लौटेगा तो उनका लड़का तेजस्वी यादव मुख्यमंत्री बनेगा। इसमें नई बात क्या है?
पटना में JDU नेता केसी त्यागी ने बिहार में महागठबंधन द्वारा राजद नेता तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित किए जाने पर कहा कि हमारे लिए रास्ता और आसान हो गया है। उनकी पार्टी (RJD) का जन आधार निरंतर सिकुड़ता जा रहा है।
केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने राजद नेता तेजस्वी यादव को महागठबंधन का सीएम चेहरा घोषित किए जाने पर कहा, इतना लड़ कर, झगड़ कर, इतनी मिन्नतें करके, कहीं पर डर दिखाकर अगर आपको मुख्यमंत्री के चेहरे के तौर पर स्वीकार किया गया तो क्या स्वीकार किया गया। यदि आप इतना झगड़ा करके मुख्यमंत्री चेहरा बने हैं तो इसका अर्थ है कि आपके चेहरे को लेकर गठबंधन के भीतर स्वाभाविक स्वीकार्यता नहीं है। हम लोग बार-बार कहते हैं कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में हम चुनाव लड़ रहे हैं। सामान्य प्रक्रिया का हिस्सा है कि विधायक बैठेंगे और वे अपना नेता चुनेंगे क्योंकि हमारे गठबंधन में पांच दल हैं।
बिहार में महागठबंधन द्वारा राजद नेता तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित किए जाने पर कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने तिरुवनंतपुरम में कहा, मुझे लगता है कि यह एक बहुत अच्छा कदम है क्योंकि हमारे देश में मतदाता किसी चेहरे को वोट देना पसंद करते हैं। बिहार में भी लोगों को यह पता होना चाहिए कि अगर आप हमें वोट देंगे तो आपको यही मिलेगा। यह एक बहुत अच्छा संदेश है। कांग्रेस आमतौर पर मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार की घोषणा नहीं करती, वे पहले से ही मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार की घोषणा में शामिल हो रहे हैं। यह समर्थन का एक स्पष्ट संकेत भी है।
बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने राजद नेता तेजस्वी यादव को महागठबंधन का सीएम चेहरा घोषित किए जाने पर कहा, लालू यादव ने जबरदस्ती अपने बेटे को मुख्यमंत्री बनाने के लिए कांग्रेस और सभी पार्टियों को एक तरह से टॉर्चर किया। जिस तरह लालू यादव ने 15 सालों तक अपराधियों का राज चलाया उसी तरह उन्होंने अपने गठबंधन में गुंडागर्दी करके अपने बेटे को मुख्यमंत्री का दावेदार बनाया। बिहार की जनता ने उन्हें 15 साल तक सत्ता दी लेकिन बिहार की जनता को क्या मिला? लूट, हत्या, बलात्कार, भ्रष्टाचार और चोरी करने का इनाम। चोरी के आरोप में जो व्यक्ति पंजीकृत अपराधी हो चुका है उसके बेटे को मुख्यमंत्री का उम्मीदवार बनाया गया है। इसलिए आज लोकतंत्र के लिए शर्मशार करने वाला दिन है कि लालू यादव जैसे भ्रष्ट व्यक्ति के परिवार को महागठबंधन ने सत्ता के लिए समर्थन देने का काम किया है।
कांग्रेस नेता भूपेश बघेल ने राघोपुर विधानसभा सीट से राजद उम्मीदवार तेजस्वी यादव को महागठबंधन का मुख्यमंत्री चेहरा घोषित किए जाने पर कहा, सही समय पर सही निर्णय हुआ है जिसकी घोषणा आज हुई है। मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री, दोनों चेहरे घोषित हो चुके हैं। अब सवाल भाजपा और NDA से है कि उनका चेहरा कौन है? भाजपा सांसद रविशंकर प्रसाद के बयान पर उन्होंने कहा, आरोपित क्या अपराधी हो जाता है?… भाजपा में भी कितने दागदार नेता हैं।