राष्ट्रीय

Bihar Flood: ‘मेलोनी जी को मेलोडी खिला आए, लेकिन बिहार बाढ़ पर खामोश’, पीएम नरेंद्र मोदी पर तेजस्वी यादव का तंज

Tejashwi Yadav on Bihar Flood: बिहार में बाढ़ की बिगड़ती स्थिति को लेकर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने केंद्र सरकार से तत्काल मदद की मांग की है। तेजस्वी ने राहत सामग्री, दवा और भोजन पहुंचाने के लिए एयरफोर्स के हेलीकॉप्टरों के इस्तेमाल की भी मांग की। इस दौरान उन्होंने पीएम मोदी पर 'मेलोनी जी को मेलोडी खिला आए' वाला तंज भी कसा।
2 min read
Sep 06, 2026
tejashwi yadav on bihar flood
राजद नेता तेजस्वी यादव (फोटो- tejashwi yadav FB)

Bihar Flood: बिहार के कई जिलों में नदियों के उफान और बाढ़ की स्थिति को लेकर राजनीति गरमा गई है। विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने राज्य के बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए केंद्र सरकार से तुरंत मदद की मांग की है। जहानाबाद में मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए एक केंद्रीय टीम भेजने और राज्य के लिए एक विशेष पैकेज की घोषणा करने का आग्रह करेंगे। तेजस्वी यादव ने कहा कि कई जिले बाढ़ से प्रभावित हैं और लोगों को जान-माल के साथ-साथ पशुओं के नुकसान का भी सामना करना पड़ रहा है, लेकिन सरकार इसे लेकर बिल्कुल भी गंभीर नहीं दिख रही है।

तेजस्वी का प्रधानमंत्री पर तंज

बाढ़ के मुद्दे पर तेजस्वी यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तंज कसते हुए कहा, "अब देखिए, वो देश के पीएम हैं। कुछ भी किसी को भी कह सकते हैं। मेलोनी जी को ही मेलोडी खिला के आ गए हैं। किसी को भी कुछ भी कह सकते हैं। अभी बाढ़ को लेकर जरूरत है, लेकिन प्रधानमंत्री जी ने एक शब्द तक नहीं बोला। चुनाव होगा तो कूद-कूद करके वोट मांगने आएंगे। लेकिन आज जब लोग इतने परेशान हैं, तो केंद्र सरकार पूरी तरह बेपरवाह बनी हुई है।" तेजस्वी ने कहा कि जब बिहार के लोग संकट में होते हैं तो केंद्र सरकार आंखें फेर लेती है, लेकिन चुनावी मौसम में वादों की झड़ी लगा दी जाती है।

पीएम मोदी को पत्र लिखेंगे, केंद्रीय टीम और विशेष पैकेज की मांग

तेजस्वी यादव कहा कि बिहार में बाढ़ की स्थिति बहुत गंभीर हो गई है और राज्य सरकार अकेले पीड़ितों तक राहत पहुंचाने में पूरी तरह नाकाम साबित हो रही है। उन्होंने कहा की कि वह इस पूरे मामले को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक आधिकारिक पत्र भेजेंगे। इस पत्र के माध्यम से वह केंद्र सरकार से आग्रह करेंगे कि वह नुकसान का सही आकलन करने के लिए बिहार के बाढ़ प्रभावित इलाकों में तुरंत एक उच्च-स्तरीय केंद्रीय टीम भेजे। इसके अलावा, वह राज्य में प्रभावित परिवारों की मदद के लिए एक विशेष पैकेज जारी करने की भी मांग करेंगे।

राहत कार्यों के लिए एयर फोर्स के हेलिकॉप्टरों की मांग

तेजस्वी यादव ने कहा कि बाढ़ प्रभावित इलाकों में सुरक्षित ठिकाने न होने के कारण लाखों लोग सड़कों पर रहने को मजबूर हैं। जान-माल और मवेशियों का भारी नुकसान हुआ है। बाढ़ में फंसे परिवारों के पास पीने का साफ पानी तक नहीं है। तेजस्वी ने कहा कि बाढ़ जैसी स्थितियों से निपटने की तैयारी पहले ही कर लेनी चाहिए थी और राहत व बचाव कार्यों में तेजी लाने की जरूरत है।

प्रशासनिक तैयारियों पर सवाल उठाते हुए तेजस्वी ने कहा कि बाढ़ प्रभावित उन इलाकों में एयर फोर्स के हेलिकॉप्टरों का इस्तेमाल किया जाए जहां राहत सामग्री पहुंचाना मुश्किल है। उन्होंने बाढ़ में फंसे लोगों तक भोजन, पीने का पानी, ज़रूरी दवाएं और अन्य आवश्यक चीजें पहुंचाने के लिए एयर फोर्स के हेलिकॉप्टरों को तुरंत तैनात करने की मांग की। उन्होंने कहा कि पर्याप्त संख्या में नावें चलाई जानी चाहिए और बड़े पैमाने पर राहत शिविर व कम्युनिटी किचन शुरू होने चाहिए।

Updated on:
06 Sept 2026 08:44 pm
Published on:
06 Sept 2026 08:43 pm