राष्ट्रीय

JDU महिला नेता पर जानलेवा हमला, तलवार से किए वार, छाती और पेट पर लात-घूंसे भी बरसाए

बिहार के भोजपुर में JDU की एक महिला नेता पर दो लोगों ने तलवार और लात-घूंसों से जानलेवा हमला किया। इस घटना में महिला को गंभीर चोटें आई है और उनका फिलहाल इलाज चल रहा है।
2 min read
Nov 24, 2025
Bihar
JDU महिला नेता पर जानलेवा हमला (फोटो-ल पत्रिका ग्राफिक्स)

बिहार के भोजपुर में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां शनिवार सुबह नीतीश कुमार की पार्टी, JDU की महिला नेता पर दो लोगों ने जानलेवा हमला कर दिया। हमलावरों ने तलवार से एक के बाद एक महिला नेता पर वार किए जिससे उन्हें गंभीर चोटें आई है। इसके साथ ही उन्होंने JDU नेता के पेट और छाती पर कई बार लात-घूंसे भी मारे। हमले में महिला बुरी तरह घायल हो गई है और उनका इलाज चल रहा है।

महिला की पीठ पर आए पांच टांके

कोइलवर थाना क्षेत्र के कुल्हाड़ियां गांव में महिला पर हमला हुआ है। इस दौरान महिला की पीठ पर एक इंच गहरा कट लगा जिसके चलते उसे पांच टांके आए। महिला भोजपुर में महिला प्रकोष्ठ की अध्यक्ष हैं। महिला ने बताया कि इन हमलावरों ने करीब एक साल पहले उनकी छोटी बेटी से छेड़छाड़ की थी जिसके बाद उन्होंने इन लोगों के खिलाफ शिकायत भी दर्ज कराई थी। यह मामला अभी भी कोर्ट में चल रहा है। आरोपी लगातार महिला पर केस वापस लेकर समझौता करने का दबाव डाल रहे थे लेकिन महिला नहीं मानी तो उन्होंने उस पर जानलेवा हमला कर दिया।

पीठ पर लगी तलवार

पीड़िता की उम्र 35 साल है और उसका अपने पति से तलाक हो चुका है। वह अपनी दो बेटियों के साथ रहती है। घटना के दौरान महिला की बड़ी बेटी उसके साथ ही थी। उसने बताया कि वह दोनों बैंक से लौट रहे थे, उसी दौरान रास्ते में हमलावरों ने मां पर हमला कर दिया। बच्ची ने बताया कि हमलावरों ने तलवार से हमला किया जिससे बचने की कोशिश में मेरी मां की पीठ पर तलवार लग गई।

आसपास के लोग आए तो मौके से फरार हो गए हमलावर

हमलावरों ने तलवार के साथ साथ लात-घूसों से भी महिला पर हमला किया। बच्ची ने कहा, उन्होंने एक के बाद एक कई बार महिला की छाती और पेट पर लात घूसे मारे। बच्ची ने मदद के लिए शोर मचाया तो आसपास के लोग इकट्ठा हो गए जिन्हें देख कर आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही कोईलवर थानाध्यक्ष नरोत्तम कुमार मौके पर पहुंचे और मामले की जांच की। पुलिस ने पीड़ित महिला के बयान के आधार पर शिकायत दर्ज कर मामले की जांच शुरु कर दी है।

Updated on:
24 Nov 2025 04:50 pm
Published on:
24 Nov 2025 04:50 pm