राष्ट्रीय

Bihar MLC Election: बिहार एमएलसी चुनाव से पहले जन सुराज ने उठाया वोटर लिस्ट का मुद्दा, CEO से मिलकर सौंपा ज्ञापन

Bihar News: बिहार MLC चुनाव से पहले जन सुराज ने मतदाता सूची में गड़बड़ी का मुद्दा उठाया है। पार्टी ने तिरहुत में 1,668 डुप्लीकेट एंट्री का दावा कर CEO को ज्ञापन सौंपा।
2 min read
Sep 11, 2026
prashant kishor
प्रशांत किशोर (फोटो - आईएएनएस)

Jan Suraaj Party: बिहार में विधान परिषद चुनाव से पहले जन सुराज पार्टी ने मतदाता सूची में गड़बड़ी का मुद्दा उठाया है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को बिहार के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) विनोद सिंह गुंजियाल से मुलाकात की। इस दौरान पार्टी ने मतदाता सूचियों में सामने आई कथित विसंगतियों को ठीक करने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा। मनोज भारती ने बताया कि पार्टी ने बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं का मुद्दा उठाया था। पार्टी के मुताबिक, तिरहुत निर्वाचन क्षेत्र की सूची में 1,668 डुप्लीकेट एंट्री मिली हैं। यानी एक ही नाम एक से ज्यादा बार दर्ज होने का दावा किया गया है। जन सुराज ने इन डुप्लीकेट नामों की सूची मीडिया के साथ भी शेयर की थी।

चुनाव आयोग को सौंपा ज्ञापन

जन सुराज के प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को इन गड़बड़ियों को लेकर औपचारिक रूप से चुनाव आयोग के सामने ज्ञापन रखा। भारती के मुताबिक, चुनाव अधिकारियों ने सूची में बताई गई विसंगतियों को स्वीकार किया और प्रतिनिधिमंडल को बताया कि इन्हें ठीक करने की प्रक्रिया चल रही है। अधिकारियों ने यह भी बताया कि चुनाव की आधिकारिक घोषणा होने तक मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने या उसमें सुधार करने की प्रक्रिया जारी रहेगी। भारती ने कहा कि चुनाव उसी अंतिम मतदाता सूची के आधार पर कराया जाएगा, जो सुधार की प्रक्रिया पूरी होने के बाद जारी होगी।

आठ MLC सीटों पर होने हैं चुनाव

बिहार विधान परिषद में शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों से चुने गए आठ सदस्यों का कार्यकाल आने वाले महीनों में खत्म होने वाला है। ऐसे में इन सीटों पर होने वाले चुनाव को राज्य की प्रमुख राजनीतिक पार्टियों के लिए अहम माना जा रहा है। चार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में पटना से बीजेपी के नवल किशोर यादव, दरभंगा से कांग्रेस के मदन मोहन झा, सारण से निर्दलीय अफाक अहमद और तिरहुत से CPI के संजय कुमार सिंह मौजूदा सदस्य हैं।

वहीं, स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में पटना से JDU के नीरज कुमार, दरभंगा से निर्दलीय सर्वेश कुमार, कोसी से बीजेपी के एनके यादव और तिरहुत से निर्दलीय बंशीधर ब्रजवासी प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। इन आठ सीटों की मौजूदा स्थिति देखें तो तीन सीटों पर निर्दलीय, दो पर बीजेपी और एक-एक सीट पर JDU, कांग्रेस और CPI के सदस्य हैं।

Updated on:
11 Sept 2026 09:48 pm
Published on:
11 Sept 2026 09:48 pm