राष्ट्रीय

निशांत कुमार को CM सम्राट के सुरक्षाकर्मी ने पीछे धकेला, वीडियो वायरल; मंत्री अशोक चौधरी ने बताई पूरी बात

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के सुरक्षाकर्मी ने स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार को पीछे हटा दिया। वैशाली में हुई इस घटना का वीडियो वायरल होने के बाद जदयू ने नाराजगी जताते हुए कार्रवाई की मांग की। वहीं, मंत्री अशोक चौधरी ने सफाई देते हुए कहा कि सुरक्षाकर्मी से यह गलती अनजाने में हुई थी और उसकी कोई गलत मंशा नहीं थी।
2 min read
• •
Updated: 19 Nov 2026, 2:21 PM IST
Nishant Kumar
निशांत कुमार को CM सम्राट के सुरक्षाकर्मी ने पीछे धकेला, वीडियो वायरल (Photo-ANI/X/@siryanshyadav)

पटना। बिहार में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के सुरक्षाकर्मी की ओर से स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार को पीछे धकेला का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। बुधवार को वैशाली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित दौरे की तैयारियों का जायजा लेने के दौरान हुई इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो में मुख्यमंत्री के पास पहुंच रहे निशांत कुमार को एक सुरक्षाकर्मी हाथ लगाकर पीछे करते दिखाई दे रहा है। इसके बाद निशांत वहां से चले जाते हैं।

घटना सामने आने के बाद जनता दल यूनाइटेड (जदयू) ने नाराजगी जताई और सुरक्षाकर्मी के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई। पार्टी के प्रवक्ता और एमएलसी नीरज कुमार ने इस घटनाक्रम को दुखद और पीड़ाजनक बताते हुए पुलिस मुख्यालय से मामले में तत्काल संज्ञान लेने की अपील की।

जदयू ने उठाया सवाल- क्या जानबूझकर किया गया ऐसा?

जदयू प्रवक्ता नीरज कुमार ने सवाल उठाया कि क्या स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार को जानबूझकर मुख्यमंत्री के पास से हटाया गया? उन्होंने कहा कि निशांत कुमार वैशाली के प्रभारी मंत्री हैं और मुख्यमंत्री के साथ आधिकारिक दौरे पर मौजूद थे। ऐसे में उनके साथ इस तरह का व्यवहार क्यों किया गया? नीरज कुमार ने कहा कि वायरल वीडियो देखकर दुख और पीड़ा होती है। उन्होंने पुलिस मुख्यालय से घटना की जांच कर जिम्मेदार व्यक्ति की पहचान करने और उचित कार्रवाई करने की मांग की।

मंत्री अशोक चौधरी बोले-अनजाने में हुई घटना

विवाद के बीच मंत्री अशोक चौधरी ने गुरुवार को मीडिया से कहा कि यह जानबूझकर की गई हरकत नहीं थी। हमने वीडियो देखा है। सुरक्षाकर्मी पीछे की तरफ से आया था और संभवत: उसे दिखाई नहीं दिया कि निशांत कुमार उसके पीछे खड़े हैं। उन्होंने कहा कि सुरक्षाकर्मी ने अनजाने में इस तरह प्रतिक्रिया दी। उसकी कोई गलत मंशा नहीं थी। सोशल मीडिया पर इस घटना को बेवजह बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया जा रहा है। किसी भी अधिकारी से यह उम्मीद नहीं की जा सकती कि वह जानबूझकर निशांत कुमार या किसी मंत्री के साथ ऐसा व्यवहार करेगा।

जानें क्या है पूरा मामला

दरअसल, 18 नवंबर को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी वैशाली पहुंचे थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 21 नवंबर को कच्ची दरगाह-बिदुपुर सिक्स लेन पुल का उद्घाटन करने वाले हैं। इसी कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेने सीएम पहुंचे थे। इस दौरान स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार समेत कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी भी मौजूद थे। इसी निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री के सुरक्षा घेरे में शामिल एक जवान ने निशांत कुमार को उनके पास आने से रोक दिया।

Updated on:
19 Nov 2026, 2:21 PM IST
Published on: